मुंबई, 28 अप्रैल। पुलकित सम्राट अपनी नई फिल्म 'सुस्वागतम खुशामदीद' को लेकर काफी चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनकी जोड़ी कैटरीना कैफ की बहन इसाबेल कैफ के साथ बनी है, और फैंस इस फिल्म के लिए बेहद उत्सुक हैं। हाल ही में, फिल्म का नया गाना 'बन पिया' रिलीज किया गया है, जो दर्शकों को काफी भा रहा है।
गाने 'बन पिया' में आवाज दी है अरमान मलिक, ध्वनि भानुशाली, अमोल श्रीवास्तव और अभिषेक टैलेंटेड ने। म्यूजिक की रचना अमोल और अभिषेक की जोड़ी ने की है। इस गाने में त्योहारों की हल्की-फुल्की खुशबू है, जो दिल को छू जाती है। कोरियोग्राफी गणेश आचार्य ने की है, और गाना ऊर्जा और मस्ती से भरा हुआ है।
गाने में पुलकित और इसाबेल की केमिस्ट्री स्पष्ट रूप से नजर आ रही है। उनका मस्ती भरा अंदाज फिल्म के 'सीमाओं से परे प्यार' के थीम को खूबसूरती से दर्शाता है।
डायरेक्टर धीरज कुमारन ने गाने के बारे में कहा, ''यह केवल एक गाना नहीं है, बल्कि फिल्म की आत्मा है। पुलकित और इसाबेल ने इसमें सकारात्मक ऊर्जा और ताजगी भरी है। हमने इसे इस तरह से शूट किया है कि यह विभिन्न संस्कृतियों के मिलन का जश्न मनाता है। यह गाना फिल्म का दिल है।''
कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने कहा, ''गाने की कोरियोग्राफी करना और डांस स्टेप्स बनाना एक शानदार अनुभव था। मेरा उद्देश्य था कि डांस भी गाने की तरह ही उत्सव जैसा और ऊर्जा से भरा हो। पुलकित और इसाबेल की केमिस्ट्री ने इसे संभव बनाया।''
'सुस्वागतम खुशामदीद' का निर्माण शरवन कुमार अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, धीरज कुमार, दीपक धर, अजान अली और सुनील राव ने मिलकर किया है। इस फिल्म के जरिए इसाबेल बॉलीवुड में अपनी पहली फिल्म कर रही हैं।
फिल्म का टीजर पहले ही जारी किया जा चुका है। इसमें पुलकित एक हिंदू लड़के अमन का किरदार निभा रहे हैं, जबकि इसाबेल मुस्लिम लड़की नूर का रोल अदा कर रही हैं।
पुलकित और इसाबेल के अलावा, फिल्म में साहिल वैद, प्रियंका सिंह, दिवंगत ऋतुराज सिंह, मेघना मलिक और अरुण बाली जैसे प्रतिभाशाली कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म 16 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।