बादल होंगे मेहरबान, दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
Samachar Nama Hindi April 30, 2025 12:42 AM

देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में इन दिनों सूरज आसमान से आग बरसा रहा है। इतना ही नहीं, पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप भी देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज के मौसम का पूर्वानुमान दिया है। आईएमडी के अनुसार आज देश के विभिन्न राज्यों में मौसम अलग-अलग रहेगा। देश के मैदानी इलाकों में गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। पहाड़ी इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में आज भी भीषण गर्मी जारी रहेगी। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने देश की राजधानी में लू का अलर्ट भी जारी किया है। राज्य में आज मौसम साफ रहेगा। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर में 20-30 किमी/घंटा की गति से धूल भरी आंधी चल सकती है।

यूपी में मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज क्षेत्रों के अनुसार बदलेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का दौर जारी रह सकता है। आज पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36-38 डिग्री और 22-24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बिहार-झारखंड में बारिश

आईएमडी ने बिहार में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के पूर्वी जिलों में गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि पश्चिम बिहार में मौसम गर्म और आर्द्र बना रहेगा। झारखंड में भी आज हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने खासकर रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान-मध्य प्रदेश में चलेगी भीषण गर्मी

राजस्थान में आज गर्मी अपने चरम पर रहेगी। मौसम विभाग ने राज्य में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में हल्की धूल भरी आंधी आ सकती है। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी जारी रहेगी। विशेषकर ग्वालियर, भोपाल और इंदौर में भीषण गर्मी देखने को मिलेगी।

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी

पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ी राज्यों में महसूस किया जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.