(Kurkushetra News) बाबैन। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन कहे जाने पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जयपाल पांचाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का यह आचरण उनकी घृणित मानसिकता और नकली राष्ट्रवाद को दर्शाता है।
पांचाल ने कहा कि सेना के जवान अपने देश के लिए हमेशा शहीद होने का जज्बा रखते हैं और इस तरह की ओछी टिप्पणियाँ करना बेहद शर्मनाक है। भाजपा के नेता लगातार देश में सांप्रदायिकता का जहर घोलकर जनता के बीच वैमनस्यता पैदा कर रहे हैं, ताकि वे सत्ता में बने रह सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने देश को सांप्रदायिक झगड़ों में उलझा दिया है, जिससे देश की प्रगति रुक गई है। आज देश की जनता को यह समझने की आवश्यकता है कि कांग्रेस के शासन में भारत हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा था।
वर्तमान में, देश नफरत और सांप्रदायिकता के कारण टूटते सामाजिक ताने-बाने, बेरोजगारी, महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था और सीमाओं पर बढ़ती असुरक्षा से जूझ रहा है। इस अवसर पर कांग्रेस बाबैन के मंडल अध्यक्ष रामपाल सैनी, राकेश अग्रवाल, मामचंद प्रजापत, प्रवीण सिंगला, अनिल मरचैहडी, सुरेश शर्मा और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।