IMD मानसून अलर्ट : देश में दक्षिण पश्चिम मानसून ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान दिल्ली एनसीआर और बिहार सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड में ओले गिरने की संभावना है। कई क्षेत्रों में 60 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। आइए जानते हैं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का लेटेस्ट अपडेट क्या है?
दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है। दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में अगले 2-3 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। कर्नाटक तट के पास पूर्व मध्य अरब सागर में 21 मई के आसपास एक एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है, जिससे 22 मई को लो प्रेशर एरिया बनेगा। इसके बाद यह उत्तर की ओर बढ़ने और तीव्र होने की संभावना है। ट्रफ लाइन अब पंजाब के मध्य हिस्सों से उत्तरी बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन से होकर गुजरती है।
मध्य असम के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है। दक्षिण गुजरात से दूर उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। पूर्वोत्तर भारत में अगले 7 दिनों के दौरान गरज-बिजली के साथ भारी बारिश होने की संभावना है और 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी। मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में भारी बारिश की संभावना है।
आईएमडी ने दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है। केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले 7 दिनों के दौरान बारिश की संभावना है। इन राज्यों में 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। पश्चिम भारत में, गोवा और महाराष्ट्र में 19 से 24 मई के बीच और गुजरात में 22-24 मई के दौरान बारिश का अलर्ट है। गोवा में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार में अगले 7 दिनों के दौरान गरज-बिजली के साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 19 से 21 मई के दौरान बारिश होगी।
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 19 से 24 मई तक गरज-बिजली और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में 19-20 मई को और उत्तराखंड में 19-24 मई के दौरान आकाश में बिजली चमकेगी और तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही पश्चिमी राजस्थान और पंजाब में भी 19 मई को धूल भरी हवाएं चलेंगी। हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले भी गिरेंगे।
पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। राजस्थान और ओडिशा में लू चलेगी। राजस्थान के श्रीगंगानगर में शनिवार को अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तापमान 36-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि और अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 41 से 42 डिग्री और 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच है। अगले तीन दिनों तक 19 से 21 मई तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश के साथ आंधी-बिजली चमकने और धूल भरी तेज हवाएं चलेंगी। हवाओं की गति 30-40 किमी से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।