नई दिल्ली। हालाँकि कोरोना के नए मरीजों में लक्षण हल्के हैं, लेकिन यह सच है कि मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। भारत में सक्रिय कोरोना मामलों की संख्या अब 350 के करीब पहुँच गई है। शनिवार की दोपहर तक विभिन्न राज्यों से 15 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में 23 सक्रिय मामले हैं, जिसके चलते दिल्ली सरकार ने अस्पतालों के लिए चेतावनी जारी की है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि लोगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और सरकार हर स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।
शनिवार को महाराष्ट्र के ठाणे में 8, उत्तराखंड और हरियाणा में 3-3 तथा उत्तर प्रदेश के नोएडा में 1 मामला दर्ज किया गया। ठाणे में शुक्रवार को 10 मामले सामने आए थे। इससे पहले 23 मई को अहमदाबाद में 20, उत्तर प्रदेश में 4, हरियाणा में 5 और बेंगलुरु में 1 मामला पाया गया था। बेंगलुरु में एक 9 महीने का बच्चा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। देश में अब तक कुल 350 सक्रिय मामले हैं और 2 मौतें हो चुकी हैं।
दिल्ली सरकार ने कोविड-19 के संबंध में एक एडवाइजरी जारी की है। सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे बेड, ऑक्सीजन, दवाइयाँ और वैक्सीन की पर्याप्त व्यवस्था रखें। सभी अस्पतालों को यह भी निर्देश दिया गया है कि हर पॉजिटिव कोविड सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लोकनायक अस्पताल भेजा जाए। इसके अलावा, सभी संस्थानों को अपनी रिपोर्ट दिल्ली स्वास्थ्य पोर्टल पर प्रतिदिन अपलोड करने के लिए कहा गया है। वहीं, पाकिस्तान, चीन, थाईलैंड और सिंगापुर जैसे देशों में भी कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।
गुजरात में अब तक कुल 40 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 33 सक्रिय हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार तक राजधानी में 23 मामले दर्ज किए गए थे। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 4 नए मरीज मिले हैं, जिनमें से 3 को आइसोलेशन में रखा गया है और 1 को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हरियाणा में भी 48 घंटे में 5 नए मरीज मिले हैं, जिनमें 2 महिलाएँ शामिल हैं। इन सभी मरीजों में से कोई भी विदेश यात्रा पर नहीं गया था।