भोपाल की सड़कों पर उतरीं नारी शक्ति, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अहिल्या वाहिनी को दिखाई हरी झंडी
Webdunia Hindi May 30, 2025 08:43 PM


भोपाल। प्रदेश में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर का 300वां जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इसी के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को राजधानी के शौर्य स्मारक पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश व्यापी महिला वाहन रैली और महिला प्रतिभागियों की बस को हरी झंडी दिखाई। भोपाल के प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं ने नारी शक्ति का प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बाइक रैली निकालकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। उन्होंने देश प्रेम के लिए लोगों को प्रेरित भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर नारी शक्ति की तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी के 300वें जयंती वर्ष के समापन अवसर पर आज शौर्य स्मारक, भोपाल से 'अहिल्या वाहिनी' नाम से प्रदेशव्यापी महिला वाहन रैली एवं ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के अंतर्गत महिला प्रतिभागियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भोपाल आगमन से एक दिन पहले आयोजित की गई यह रैली मातृशक्ति की आत्मनिर्भरता व आत्मविश्वास की अप्रतिम झलक है। आप सभी का हृदय से वंदन-अभिनंदन करता हूं।

प्रगति के नए अध्याय का शुभारंभ-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आयोजन देवी अहिल्याबाई जी की उस युगद्रष्टा चेतना को समर्पित है, जिसमें उन्होंने अपने सुशासन, न्यायप्रियता और करुणा से महिला सशक्तिकरण की नींव मजबूत कर प्रगति के नए अध्याय का शुभारंभ किया था। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए 31 मई का दिन बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में जंबूरी मैदान में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी के 300वें जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में पधारेंगे। वे प्रगति की सौगातें देंगे। महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी इंदौर मेट्रो ट्रेन और सतना व दतिया के नए हवाई अड्डे का लोकार्पण करेंगे। साथ ही सिंहस्थ 2028 के कार्यों का शुभारंभ करते हुए शिप्रा के किनारे 30 किमी घाटों के निर्माण के लिए भूमिपूजन करेंगे।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.