क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, जानें कब बंधेंगे शादी के बंधन में
Webdunia Hindi June 02, 2025 02:42 AM


क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी सांसद प्रिया सरोज की सगाई और शादी की तारीख तय हो गई है। दोनों की सगाई 8 जून को लखनऊ में होगी, जहां करीबी रिश्तेदार होंगे और शादी 18 नवंबर को वाराणसी में होगी जिसमें क्रिकेटर्स से लेकर फ़िल्मी सितारों तक बड़ी हस्तियां नजर आएंगी।

इस साल की शुरुआत में दोनों की शादी पक्की हुई थी। प्रिया के पिता और केराकट से सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया था कि उनके परिवार ने अलीगढ में रिंकू के पिता से दोनों के विवाह के बारे में बात की है और दोनों पक्ष इसके लिए राजी हैं।

प्रिया सरोज वाराणसी की रहने वाली है और लंबे समय से सपा से जुड़ी हैं। वह जौनपुर जिले की मछलीशहर सीट से पिछले साल लोकसभा चुनाव जीतीं।

सुप्रीम कोर्ट की पूर्व वकील प्रिया ने 2022 विधानसभा चुनाव में अपने पिता के लिए चुनाव प्रचार भी किया था। दिल्ली यूनिवर्सिटी से कला स्नातक प्रिया ने नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी से कानून में डिग्री ली।

पेशे से अधिवक्ता 26 साल की प्रिया सरोज पहली बार सांसद बनी हैं। 27 साल के रिंकू सिंह ने भारत के लिए दो एकदिवसीय और 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले है। आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले रिंकू इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं।

सपा विधायक के करीबियों के अनुसार, शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी। दोनों ने एक-दूसरे को समझने के लिए पर्याप्त समय लिया और अब एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।


© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.