यूक्रेन के हमले से भड़का रूस, क्या परमाणु हमला करेंगे पुतिन?
Webdunia Hindi June 02, 2025 10:42 PM


Ukraine attacks Russia: यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने ड्रोन हमले कर रूस के 40 से ज्यादा विमानों को नष्ट कर दिया है। रूस ने भी पांच एयरबेस पर हमले की बात स्वीकार की है। हालांकि उसने नष्ट होने वाले विमानों की संख्या नहीं बताई है। इस बीच, खबरें आ रही हैं यूक्रेन का ताजा हमलों से पुतिन भड़क गए हैं। आने वाले समय वे परमाणु हथियारों का भी उपयोग कर सकते हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि रूस सुपर वेपन (Super Weapon) का भी इस्तेमाल कर सकता है। ये हथियार बहुत ही घातक किस्म के हैं। पुतिन पहले भी कई बार परमाणु हमले की धमकी दे चुके हैं।

रूस ने अभी तक के युद्ध में सुपर वेपन का इस्तेमाल नहीं किया। पुतिन रणनीति कहत तहत युद्ध को लंबा खींचना चाहते हैं ताकि यूक्रेन और उसके सहयोगी देश थक जाएं। रूस के इन खतरनाक हथियारों में अवनगार्ड, बुरेवेस्तनिक, जिरकॉन, किंझल, पोसाइडन और सरमत शामिल हैं। कहा जा रहा है कि फरवरी 2022 से शुरू हुए युद्ध में रूस ने इन हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया है।

यूक्रेन के ताजा हमले से रूस को काफी नुकसान पहुंचा है। माना जा रहा है कि रूस अब यूक्रेन के खिलाफ घातक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है, इनमें परमाणु हथियार भी शामिल हो सकते हैं। रूस के पास 9M730 बुरेवेस्तनिक क्रूज मिसाइल भी है, जो परमाणु-संचालित है। यह मिसाइल हजारों किलोमीटर तक उड़ सकती है। इसे 'फ्लाइंग चेर्नोबिल' भी कहा जाता है। यह रेडियोधर्मी हो सकता है।

3M22 जिरकॉन, हाइपरसोनिक एंटी-शिप मिसाइल है, जो कि 1000 किमी तक मार करती है। यह 11 हजार 113 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलती है। इससे जहाज और जमीन पर मौजूद टारगेट को नष्ट किया जा सकता है। रूस के पास और भी घातक हथियार हैं। हालांकि अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते इस बात की उम्मीद कम ही है कि रूस यूक्रेन पर परमाणु हमला करेगा। लेकिन, रूस ऐसा करेगा ही नहीं, ऐसा भी नहीं कहा जा सकता।

रूस ने कहा- आतंकी हमला : रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यूक्रेन ने मरमंस्क, इरकुत्स्क, इवानोवो, रियाजान और अमूर में स्थित हवाई क्षेत्रों पर एफपीवी ड्रोन का उपयोग करके एक आतंकी हमला किया। इवानोवो, रियाजान और अमूर में सैन्य हवाई क्षेत्रों पर हुए सभी आतंकवादी हमलों को विफल कर दिया गया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मरमंस्क और इरकुत्स्क क्षेत्रों में सैन्य हवाई अड्डों के नजदीकी इलाकों से एफपीवी ड्रोन छोड़े जाने के परिणामस्वरूप कई विमानों में आग लग गई। हालांकि रूस द्वारा विमानों की संख्या नहीं बताई गई है।

यह अनुमान जताया जा रहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की इस्तांबुल में होने वाली दूसरे दौर की शांति वार्ता से पहले मॉस्को पर दबाव बनाना चाहते हैं। रूसी अधिकारी व्लादिमीर मेदिन्स्की के नेतृत्व में रूस का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार की वार्ता के लिए पहले ही तुर्किये पहुंच चुका है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यूक्रेन में तत्काल युद्ध विराम की उम्मीद कम ही है।

रेल दुर्घटना में सात की मौत : सरकारी रूसी रेलवे ने बताया पहली घटना यूक्रेन की सीमा से सटे ब्रयान्स्क क्षेत्र में शनिवार को हुई, जहां विस्फोट के बाद एक पुल ढहकर ट्रेन के ऊपर गिर गया। इस घटना में कई लोग हताहत हो गए। मरने वालों में ट्रेन का चालक भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ घंटों बाद पास के कुर्स्क क्षेत्र में पुल के ढह जाने से एक दूसरी ट्रेन भी पटरी से उतर गई। यह हादसा भी यूक्रेन से सटे इलाके में हुआ। (एजेंसी/वेबदुनिया)

Edited by: Vrijendra Singh Jhala

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.