कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के पीए शकूर खान 15 साल में 7 बार पाकिस्तान गए। पूर्व मंत्री को अपने पीए के बारे में सब पता होना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री को अपने पीए का ध्यान रखना चाहिए। उन्हें ऐसे लोगों को अपने करीब नहीं आने देना चाहिए, उन्हें पीए नहीं रखना चाहिए। पता नहीं उन्होंने किस तरह की सूचनाएं पाकिस्तान भेजी होंगी। हम पूरा चैनल पकड़ेंगे, लेकिन नुकसान हो चुका है। अगर मंत्री कार्रवाई में सहयोग नहीं करते हैं तो माना जाएगा कि मंत्री इसमें शामिल हैं।
कांग्रेस राज में पनपा बजरी माफिया
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में प्रदेश में बजरी माफिया खूब पनपा। इसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राज में हुई। हमारी सरकार ने बजरी के ठेके दिए। बजरी माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हमारी सरकार इसमें सुधार करने में लगी हुई है। बजरी माफिया हो या मिलावट, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने नशे पर भी अंकुश लगाया है। प्रदेश में नकली खाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हमारे मंत्री मौके पर जाकर जांच कर रहे हैं।
सभी को पानी मुहैया कराया जाएगा
पीने के पानी की कमी के बारे में उन्होंने कहा कि घर-घर जल योजना के लिए दिया गया पैसा सही तरीके से खर्च नहीं किया गया। कई जगहों पर कनेक्शन नहीं किए गए और पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। कई जगहों पर कम पाइपलाइन बिछाई गई। इस वजह से पानी नहीं पहुंच रहा है। यह चिंता का विषय है। इसकी जांच चल रही है। दोषियों को सजा दी गई है। कल रात मुझे शिकायत मिली थी। इस पर मैंने अधिकारियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हमारी प्राथमिकता सभी को पानी उपलब्ध कराना है। कल मैं जहां भी गया, वहां पानी पहुंचा है।