प्रदेश में 35 करोड़ से अधिक पौध रोपण का लक्ष्य रखा
पर्यावरण एवं अपनी अरण्य संस्कृति के प्रति जागरूक करता है ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान
लखनऊ,05 जून (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस-2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास पर बेल का पौधा लगाकर ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान आज से लगातार 30 जून तक चलेगा। डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी 01 जुलाई से 07 जुलाई तक वन महोत्सव के बड़े कार्यक्रम होंगे। प्रदेश में 35 करोड़ से अधिक पौध रोपण का लक्ष्य रखा है। यह क्रम 15 अगस्त तक चलेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान हमें पर्यावरण के प्रति व अरण्य संस्कृति के प्रति जागरूकत करती है। पर्यावरण की कठिन चुनौतियों से दुनिया जूझ रही है। समाधान का मार्ग मनुष्य को ही निकालना होगा। हमें प्रकृति के साथ समन्वय व संवाद बनाना पड़ेगा।
इस दौरान वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, वन राज्यमंत्री केपी मलिक, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव (वन/पर्यावरण) अनिल कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम स्थित ‘पुष्प वाटिका’ में पवित्र त्रिवेणी पीपल, बरगद तथा नीम के पौधों का रोपण किया। यहां पर मुख्यमंत्री ने जनता से एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आम जनता का आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ मां के नाम से लगाये, यह आपकी तरफ से अपनी मां के लिए एक अनमोल उपहार होगा। उन्होंने कहा कि अपनी मां के नाम से पेड़ लगाने से उस पेड़ के प्रति भावनात्मक लगाव होगा और उसकी सुरक्षा के भी भाव हमेशा आपके मन में रहेंगे। उन्होंने कहा कि पौधों को रोपने से कहीं ज्यादा जरूरी है, उन्हें बचाना। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पौधों की सुरक्षा व देखभाल अपने नौनिहालों की भांति करें।
उप मुख्यमंत्री मोहनलालगंज की ग्राम पंचायत डेवरिया भरोसवा के मजरा भरोसवा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने यहां पर हरिशंकरी (बरगद, पाकड़ व पीपल ) के पौधे का रोपण किया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने गुरूवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में वृक्षारोपण करके एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया। भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि गुरूवार को सभी जिला मुख्यालयों पर वृक्षारोपण करते हुए जिला स्तर पर अभियान प्रारंभ होगा। 23 जून डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से 05 अगस्त तक बूथ स्तर पर वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इसके साथ ही 05 जून से 05 अगस्त तक प्रत्येक अभियान व कार्यक्रम के बाद वृक्षारोपण किया जाएगा।————-
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन