पलवल : राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी को देश से मांगनी चाहिए माफी: नायब सैनी
Udaipur Kiran Hindi June 07, 2025 01:42 AM

पलवल, 6 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलवल की अनाज मंडी में आयोजित धन्यवाद रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। राहुल के ‘लंगड़ा घोड़ा’ बयान पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा, लंगड़ा घोड़ा तो आप थे। हमारे हरियाणा के लोग रेस के घोड़े हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं। सीएम ने राहुल और कांग्रेस से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक देश पर शासन किया, लेकिन हरियाणा की जनता से पैसा लूटकर अपनी तिजोरी भरी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, जब तक लूट का पैसा आता रहा, तब तक आपको हरियाणा के लोग रेस के घोड़े दिखे। लेकिन जब जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया, तो अब आप इन्हें लंगड़ा घोड़ा कह रहे हैं। सैनी ने राहुल के बयान पर हैरानी जताते हुए कहा कि कांग्रेस नेता खुद सदमे में हैं कि राहुल ने ऐसा क्या बोल दिया।

राहुल गांधी ने हाल ही में भोपाल में कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को तीन श्रेणियों- रेस का घोड़ा, बारात का घोड़ा और लंगड़ा घोड़ा- में बांटा था। उन्होंने कहा था कि रेस के घोड़ों को दौड़ाया जाएगा, बारात के घोड़ों को बारात में भेजा जाएगा और लंगड़े घोड़ों को रिटायर कर चारा-पानी दिया जाएगा। इस बयान को लेकर अब सियासी बवाल मचा है, जिसे बीजेपी ने भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

सीएम सैनी ने कहा कि राहुल के बयान से हरियाणा कांग्रेस के नेता सदमे में हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है। उनके नेता समझ नहीं पा रहे कि अब क्या करें। सैनी ने बीजेपी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में किसानों को सम्मान निधि नहीं मिलती थी, लेकिन बीजेपी सरकार किसानों के खातों में सीधे पैसा भेज रही है। राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी का हमला और सीएम सैनी का यह तीखा जवाब हरियाणा की सियासत में नया रंग ला सकता है।

सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस के 10 वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में फसल खराबे पर किसानों को केवल 1155 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया, जबकि हमारी सरकार ने 10 सालों में 15,145 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया। कांग्रेस के समय में गरीबों को बीमारियों के इलाज के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, जबकि आज आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों का इलाज हो रहा है। इसके तहत अब तक 20 लाख से अधिक लोगों को 2 हजार 767 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज प्रदान किया गया है।उन्होंने कहा कि 10 वर्षों में कांग्रेस ने छ: मेडिकल कॉलेज बनाए, जबकि वर्तमान सरकार ने 9 कॉलेज बनाने का काम किया और 9 अन्य कॉलेज निर्माणाधीन हैं। वहीं, कांग्रेस के समय में एमबीबीएस की मात्र 700 सीटें होती थी, जबकि आज 2185 सीटें हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले सालों में हरियाणा में एमबीबीएस की 3485 सीटें हो जाएंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.