दिल्ली मौसम अद्यतन: राजधानी दिल्ली में गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. बृहस्पतिवार, 12 जून को दिल्लीवासियों ने इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी का सामना किया. हीट इंडेक्स 54.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है. सुबह से ही तेज धूप और साफ आसमान ने दिन को और भी उत्पाती बना दिया. दोपहर के समय उमस और गर्म हवाओं ने लोगों को बुरी तरह परेशान किया.
बृहस्पतिवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 2.7 और 4 डिग्री अधिक रहा. दिल्लीवासियों ने 43.9 डिग्री तापमान में 54.4 डिग्री का हीट इंडेक्स महसूस किया. जिसने गर्मी के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए.
दिल्ली के मुंगेशपुर में इस सीजन का सबसे अधिक 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. गौरतलब है कि मुंगेशपुर का ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन पिछले एक साल से बंद था, जिसे अब मौसम विभाग ने दोबारा सक्रिय किया है और आंकड़े साझा करने शुरू कर दिए हैं.
दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचा.
नीचे देखें प्रमुख इलाकों का तापमान:
स्थान | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
---|---|---|
मुंगेशपुर | 45.2 | 30.3 |
आयानगर | 44.2 | 30.5 |
रिज | 44.2 | 26.2 |
पालम | 43.9 | 30.2 |
सफदरजंग | 43.9 | 30.7 |
पीतमपुरा | 43.1 | 33.5 |
लोधी रोड | 42.8 | 29.2 |
मयूर विहार | 41.2 | 31.1 |
नजफगढ़ | 41.0 | 31.8 |
पूसा | 41.9 | 30.3 |
राजघाट | 40.8 | 30.8 |
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम में बदलाव आ सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी, गर्जन वाले बादल और हल्की बारिश होने की संभावना है. लू से राहत मिलने के आसार हैं. हालांकि येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 6 दिनों तक गर्मी का तेवर थोड़ा नरम रहेगा.
18 जून तक राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक गिर सकता है. इससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआई 195 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. हालांकि चिंता की बात यह है कि ओजोन का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.