दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए समग्र शिक्षा की दिल्ली एक्सपोजर विजिट शुरू
Udaipur Kiran Hindi June 16, 2025 01:42 AM

नाहन, 15 जून (Udaipur Kiran) । समग्र शिक्षा अभियान, हिमाचल प्रदेश द्वारा राज्य के 12वीं कक्षा के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया है। यह अवलोकन यात्रा 15 जून से 18 जून 2025 तक चलेगी, जिसमें विद्यार्थियों को चंडीगढ़ से दिल्ली तक ले जाकर विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षिक गतिविधियों, राष्ट्रीय संस्थानों और कार्यप्रणालियों की प्रत्यक्ष जानकारी देना है। इस दौरान विद्यार्थियों को चंडीगढ़ से दिल्ली तक की यात्रा हवाई मार्ग से कराई जा रही है। दिल्ली में उन्हें संसद भवन सहित अन्य ऐतिहासिक और प्रशासनिक स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा।

इस विशेष यात्रा में राज्य परियोजना निदेशक राजेश शर्मा स्वयं विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दोनों मिल सके। यात्रा के अंत में छात्र चंडीगढ़ लौटेंगे और वहां भी विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे।

राज्य सरकार की ओर से विद्यार्थियों के लिए सम्पूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी जिलों से टेंपो ट्रैवलर और अन्य गाड़ियों के माध्यम से दिव्यांग बालकों और उनके विशेष शिक्षकों को चंडीगढ़ तक लाया जा रहा है।

शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा, सिरमौर श्रीमती रीता गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा उनके अनुभव को समृद्ध बनाएगी और आत्मविश्वास बढ़ाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.