जंगली सूअर के हमले से व्यापारी घायल, आठ वर्षीय बेटा बाल-बाल बचा
Udaipur Kiran Hindi June 16, 2025 07:42 PM

बाड़मेर, 16 जून (Udaipur Kiran) । शहर के विष्णु कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक जंगली सूअर के हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब एक व्यापारी अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ बाइक से दुकान की ओर जा रहा था। गली में दौड़ते हुए आए जंगली सूअर ने बाइक से टक्कर मार दी और फिर व्यापारी पर तीन बार हमला किया। गंभीर रूप से घायल व्यापारी के हाथ में सूअर का एक दांत तक धंस गया, जिसे बाद में अस्पताल में निकाला गया।

घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे सारथी स्कूल के पास हुई। घायल व्यापारी डूंगाराम विश्नोई ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपने बेटे के साथ चामुंडा सर्किल स्थित किराना दुकान की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे विष्णु कॉलोनी में स्थित सारथी स्कूल के सामने पहुंचे, अचानक एक जंगली सूअर गली से दौड़ता हुआ आया और उनकी बाइक से टकरा गया।

टक्कर के बाद दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े। विश्नोई ने बताया कि गिरने के बाद उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला और जंगली सूअर ने तीन बार उन पर हमला किया। इस दौरान उनका बेटा भागकर पास के एक कोने में जाकर खड़ा हो गया जिससे उसकी जान बच गई।

विश्नोई ने बताया कि हमले के दौरान उन्होंने हाथ आगे करके खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन सूअर ने दाएं हाथ को बुरी तरह चबा डाला। हमले की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सूअर का एक दांत उनके हाथ की हड्डी में फंस गया। उन्हें हाथ, पैर और जबड़े में चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेड रेस्ट की सलाह दी है।

सूअर के हमले से मची चीख-पुकार के बीच पास के दुकानदारों ने लाठियों से सूअर को खदेड़ा। घटना की सूचना पर नगर परिषद और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार जंगली सूअर विष्णु कॉलोनी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर रीको डिस्कॉम क्षेत्र की झाड़ियों में देखा गया है। टीमों द्वारा उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे मामले की पुष्टि हुई है और नगर परिषद ने फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran)

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.