राजस्थान और हरियाणा की सीमा पर स्थित भिवाड़ी और धारूहेड़ा के बीच बना एक घर हमेशा चर्चा में रहता है। इसकी वजह है इसका अनोखा स्थान। इस घर का एक दरवाजा हरियाणा में खुलता है तो दूसरा राजस्थान में। इतना ही नहीं घर के कमरे हरियाणा की सीमा में हैं जबकि आंगन और बाथरूम राजस्थान में आते हैं। यह अजीबोगरीब संरचना लोगों को हैरान कर देती है। इस घर में दो भाई ईश्वर सिंह और कृष्ण कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। ईश्वर सिंह का परिवार राजस्थान की सुविधाओं का लाभ उठाता है। वहीं कृष्ण कुमार के दस्तावेज हरियाणा के हैं और वह हरियाणा की योजनाओं का लाभ उठाते हैं। एक ही घर में रहते हुए दो राज्यों की सरकारी सुविधाएं मिलना एक खास अनुभव है।
दोनों परिवार राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं
इस परिवार के सदस्य न सिर्फ सीमाओं से बंटे हुए हैं बल्कि दोनों राज्यों की राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ईश्वर सिंह के बेटे हवा सिंह दायमा राजस्थान की भिवाड़ी नगर परिषद से लगातार तीसरी बार पार्षद चुने गए हैं। वहीं उनके चाचा कृष्ण कुमार हरियाणा के धारूहेड़ा नगर पालिका में दो बार पार्षद रह चुके हैं।
घर का हर हिस्सा अलग-अलग राज्य में है
इस घर की खासियत यह है कि इसका एक हिस्सा राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी में है तो दूसरा हिस्सा हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में है। घर के कमरे हरियाणा में हैं जबकि आंगन और बाथरूम राजस्थान की सीमा में हैं। परिवार की गाड़ी राजस्थान में खड़ी होती है जबकि वे हरियाणा में बने कमरों में रहते हैं। यह स्थिति लोगों को हैरान करती है। घर के मालिक का कहना है कि जब किसी रिश्तेदार या बाहरी व्यक्ति को इस घर की स्थिति के बारे में पता चलता है तो वह हैरान हो जाता है। लेकिन उनके लिए यह अब सामान्य बात हो गई है। सालों से सीमा पर रह रहे इस परिवार के लिए यह अनोखी स्थिति अब उनकी पहचान बन गई है।