Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई बारिश से लोगों को तपती गर्मी और उमस से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन बुधवार को मौसम ने फिर करवट बदल ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18 जून को यलो अलर्ट जारी कर बारिश की संभावना जताई थी। सुबह मौसम साफ नजर आया, जिससे लगा कि पूर्वानुमान सटीक रहेगा, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकल आई और तापमान फिर से चढ़ने लगा। गर्मी और उमस ने फिर लोगों को बेहाल कर दिया।
आपको बता दे कि, दिल्ली जैसे महानगर में मौसम का सटीक अनुमान लगाना मौसम विभाग के लिए आसान नहीं है। इसकी सबसे बड़ी वजह है दिल्ली का तेजी से बदलता माइक्रो-क्लाइमेट। शहर में तेजी से हो रहे शहरीकरण और बढ़ती कंक्रीट संरचनाओं के कारण स्थानीय मौसम में अचानक बदलाव आ जाता है। दूसरी चुनौती यह है कि IMD के पास सैटेलाइट और रडार तो हैं, लेकिन डेटा अपडेट में देरी और सीमित कवरेज के चलते पूर्वानुमान में अक्सर चूक हो जाती है। मानसून पूर्व का मौसम खुद ही बेहद अस्थिर होता है और नमी भरी हवाएं अंतिम क्षणों में अपनी दिशा बदल लेती हैं, जिससे बारिश की संभावनाएं अचानक खत्म हो जाती हैं।
दिल्ली की गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी सुकून भरी है। IMD के अनुसार, 18 जून से 24 जून के बीच दिल्ली में हीटवेव की कोई संभावना नहीं है। इस सप्ताह बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार रहेंगे और ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे उमस और चुभती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार, 18 और 19 जून की शाम को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि हवाएं 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। तापमान भी 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो सामान्य से कम है।
20 जून को राजधानी में हल्की बारिश और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद 21 से 24 जून के बीच एक बार फिर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस अवधि में मौसम सुहावना बना रहेगा और गर्मी का प्रभाव कम होगा।
दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में जून का औसत तापमान 38.8°C होता है, लेकिन इस बार तापमान 33 से 37°C के बीच रहने की उम्मीद है। यह सामान्य से काफी कम है और लोगों को गर्मी से राहत देने वाला साबित होगा। सप्ताह भर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिशा से चलने वाली हवाएं 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बहेंगी। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि पूर्वानुमान की सटीकता समय के साथ घट सकती है, लेकिन फिलहाल राजधानी में राहतभरे मौसम की झलक दिखाई दे रही है।