फिट बॉडी और ग्लोइंग स्किन तक, 54 साल के राहुल गांधी का लुक 35 साल के युवाओं जैसा लगता है। लंबे पैदल मार्च, ट्रेकिंग, साइकिलिंग से लेकर अनुशासित जीवनशैली तक राहुल गांधी का फिटनेस रूटीन किसी एथलीट से कम नहीं है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आखिर 50 साल की उम्र पार करने के बाद भी इतने जवान और फिट कैसे दिखते हैं? उनके जन्मदिन के मौके पर जानिए राहुल गांधी की फिटनेस, खाने-पीने की आदतों और फिटनेस रूटीन के बारे में।
राहुल गांधी का खानपान
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की फिटनेस का राज उनके खान-पान पर निर्भर करता है। वह सादा और संतुलित खाना खाते हैं। राहुल गांधी किसी भी ग्लैमरस डाइट या महंगे हेल्थ सप्लीमेंट्स पर भरोसा नहीं करते। वह हमेशा घर का बना, कम तला-भुना और पौष्टिक खाना खाते हैं। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक साक्षात्कार में अपने खानपान के बारे में बताया था कि वह क्या खाना पसंद करते हैं और किन चीजों से परहेज करते हैं।
राहुल दिन की शुरुआत गुनगुने पानी या नींबू पानी से करते हैं। वह सुबह एक कप कॉफी और शाम को चाय पीते हैं। स्वस्थ त्वचा और ऊर्जा के लिए राहुल गांधी दिनभर खूब पानी पीते हैं। नारियल पानी, ग्रीन टी, और हर्बल ड्रिंक्स को भी डेली रूटीन में शामिल करते हैं। राहुल के अनुसार, उनकी डाइट काफी स्ट्रिक्ट है। वह हेल्दी और संतुलित भोजन लेना पसंद करते हैं। हरी सब्जियां, दाल, रोटी, फल और सलाद उनकी थाली में नियमित रहते हैं।
क्या नहीं खाते हैं राहुल गांधी?
राहुल गांधी मसालेदार खाना पसंद नहीं करते हैं। जंक फूड, फास्ट फूड और हाई शुगर आइटम से वह दूरी बनाए रखते हैं। राहुल गांधी मीठे का सेवन नहीं करते हैं। हालांकि उन्हें आइसक्रीम बहुत पसंद है और वह इसके सेवन से खुद को रोक नहीं पाते हैं। राहुल को कटहल और मटर खाना पसंद नहीं है। वह कार्बोहाइड्रेट्स के सेवन से बचते हैं लेकिन अगर उन्हें रोटी या चावल में से कुछ खाना ही होता है तो वह रोटी का सेवन करते हैं। वह चावल और चीनी अपनी डाइट से दूर रखते हैं।
नॉनवेज लवर हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी नॉनवेज खाना पसंद करते हैं। उनकी पसंदीदा नाॅन वेजिटेरियन डिश चिकन टिक्का, सींक कबाब और प्लेन आमलेट है। राहुल सीफूड और मटन भी खाना पसंद करते हैं।
राहुल गांधी का वर्कआउट रूटीन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी रोजाना शारीरिक एक्टिविटी से खुद को फुर्तीला रखते हैं। वे रोजाना दौड़, वॉक और कार्डियो करते हैं। इसके अलावा साइकिलिंग, ट्रेकिंग और पर्वतीय भ्रमण उनके शौक में शामिल हैं। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान उन्होंने हजारों किलोमीटर पैदल यात्रा की थी। राहुल गांधी ने जापानी मार्शल आर्ट्स ऐकिडो की ट्रेनिंग ली है और रोजाना इसका अभ्यास भी करते हैं। मार्शल आर्ट्स के अलावा राहुल डाइविंग करना पसंद करते हैं। रोज 30-45 मिनट का एक्सरसाइज उनके रूटीन का हिस्सा है।
योग और मेडिटेशन भी करते हैं राहुल गांधी
तनाव को दूर रखने और मानसिक स्थिरता के लिए राहुल गांधी योग व ध्यान करते हैं। वह रोज प्राणायाम, वज्रासन और अनुलोम-विलोम से मन को शांत रखते हैं। इससे उनका ध्यान केंद्रित रहता है और चेहरे पर ग्लो भी बना रहता है।
राहुल किन चीजों से रहते हैं दूर?
विपक्ष के नेता राहुल गांधी धूम्रपान और शराब से परहेज करते हैं। वह देर रात खाना या ओवरइटिंग नहीं करते हैं। रात की नींद पूरी लेते हैं जो उनकी फिटनेस का अहम हिस्सा है। इसके अलावा प्रोसेस्ड फूड और मीठे से दूरी बनाए रखते हैं।
54 की उम्र में युवा लुक के लिए राहुल गांधी के स्मार्ट कैजुअल लुक्स और नेचुरल हेयर स्टाइल का भी असर दिखता है। त्वचा की देखभाल के लिए वे हाइड्रेशन और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हैं