दो बसों की आमने सामने की टक्कर, तकरीबन 30 यात्री घायल
Udaipur Kiran Hindi June 21, 2025 02:42 AM

भागलपुर, 20 जून (Udaipur Kiran) । बिहार में भागलपुर जिला अन्तर्गत पुलिस जिला नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला पुल पहुंच पथ के समीप शुक्रवार को दो बसों के आमने सामने की टक्कर में 30 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।

कटिहार से भागलपुर जाने वाली शोभा बस और भागलपुर से कटिहार की ओर जाने वाली समीर बस की आमने सामने में टक्कर हो गई। जिसमें सबसे ज्यादा समीर बस के यात्री घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि 18 जून को अररिया जिला के मदनपुर गांव के लगभग 45 आदमी रांची गए थे। रांची में सभी कोई शिव चर्चा में शामिल होने के लिए पहुंचे हुए थे। 19 जून को रांची में शिव चर्चा कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी समीर बस से वापस अपने घर अररिया जिला के मदनपुर के लिए निकले थे।

इसी दौरान विक्रमशिला पहुंच पर पर दो बसों में आमने सामने की टक्कर हो गई। इस घटना के बाद तकरीबन दो घंटे से तीन घंटे तक इस सड़क मार्ग पर यातायात बाधित रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत परवत्ता थाना पुलिस, नवगछिया थाना, यातायात थाना और ट्रैफिक डीएसपी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को सड़क पर से हटाया गया।

पुलिस गाड़ी और एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया। नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। घायल यात्रियों ने कहा कि हमलोग भागलपुर जा रहे थे। जिस गाड़ी में हम थे वो ओवरटेक कर रहा था। तभी सामने से बस आ रही थी। जिसके बाद यह घटना हुई।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.