भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने एक बाबू और परिचालक को किया गिरफ्तार
Udaipur Kiran Hindi June 21, 2025 05:42 AM

जौनपुर, 20 जून (Udaipur Kiran) । भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम वाराणसी ने रोडवेज के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को रोडवेज परिसर से गिरफ्तार किया है। कनिष्ठ लिपिक प्रदीप श्रीवास्तव और परिचालक रजनीश कुमार को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

डिपो में तैनात परिचालक झुल्लूर राम ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम से शिकायत किया था। झुल्लूर राम ने बताया कि उनकी बस बदलने के लिए कनिष्ठ लिपिक प्रदीप श्रीवास्तव ने 5 हजार रुपए की मांग की थी। श्रीवास्तव ने पैसे सीधे न लेकर परिचालक रजनीश कुमार के माध्यम से लेने की योजना बनाई।

शुक्रवार शाम करीब 3:35 बजे एंटी करप्शन टीम ने रोडवेज परिसर में कार्रवाई की। इंस्पेक्टर राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपी प्रदीप श्रीवास्तव बदलापुर जौनपुर के रहने वाले हैं। वहीं रजनीश कुमार प्रयागराज के मेजा क्षेत्र के चपरतला गांव के निवासी हैं। दोनों आरोपितों को लाइन बाजार थाने ले जाया गया है। जहां आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद दोनों पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.