ओडिशा के गंजम जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां गौ तस्करी के आरोप में दो लोगों की बेरहमी से पिटाई की गई। इस दौरान लोगों ने दोनों को घास खिलाई, नाले का पानी पिलाया और जमकर पिटाई की। दोनों पर गौ तस्करी का आरोप लगाते हुए गांव के कुछ लोगों ने सरेआम उनकी पिटाई की, घुटनों के बल चलने, घास खाने और नाले का पानी पीने को मजबूर किया। इसके साथ ही उनके आधे बाल भी मुंडवा दिए गए। दोनों के मुंह में घास ठूंस दी गई और उन्हें जानवरों की तरह घुटनों के बल काफी दूर तक चलाया गया।
उनके आधे बाल मुंडवा दिए गए
कथित तौर पर इस घटना को गांव के एक 'कंगारू कोर्ट' में अंजाम दिया गया, जिसे सड़क पर ही लगाया गया था। आरोपियों ने दोनों युवकों के आधे सिर मुंडवा दिए और उन्हें खारीगुमा से जहादा तक करीब दो किलोमीटर तक घुटनों के बल पर घसीटा।
पीड़ितों के आरोप
जांच में पता चला कि दोनों युवक अपनी शादी में दहेज देने के लिए हरिपुर गांव से दो गाय और एक बछड़ा खरीदकर अपने गांव सिंगीपुर लौट रहे थे। इस दौरान उन्हें रोककर गो तस्करी का आरोप लगाया गया और उनसे पैसे मांगे गए। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो उनकी बेरहमी से पिटाई की गई।
पीड़ितों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर दोनों पीड़ित धारकोट थाने पहुंचे और वहां शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।
वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रदेश में आक्रोश फैल गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि 'भाजपा शासित राज्यों में नफरत और भेदभाव की राजनीति के कारण ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।