एक कमरे के उद्घाटन पर सियासी घमासान! गहलोत पर तंज कसते हुए शेखावत बोले - 'बोलने से पहले सोचिए जनाब....'
aapkarajasthan June 27, 2025 11:42 PM

जोधपुर के पहाड़गंज के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन को लेकर उठे विवाद में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष किया है। शेखावत ने इंस्टाग्राम पर लिखा- बोलने से पहले थोड़ा सोच लिया करो साहब, मैं चुप रहकर भी जवाब देना जानता हूं। उन्होंने पूछा कि स्कूल के एक कमरे के उद्घाटन को लेकर अशोक गहलोत इतने नाराज क्यों हैं। एक कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री को इस तरह बेवजह मुद्दा बनाते देखना अच्छा नहीं लगता। इससे खुद की गरिमा खोना है। उधर, मामले में शिक्षा विभाग ने दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 27 जून को तय कार्यक्रम में पहाड़गंज स्कूल भवन के उद्घाटन का जिक्र था। लेकिन स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग ने हस्तक्षेप करते हुए प्रेस नोट जारी कर बताया कि भवन का उद्घाटन शिक्षा मंत्री मदन दिलावर करेंगे, जिसकी तिथि बाद में तय की जाएगी। विभाग के इस फैसले के बाद गहलोत ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि इस स्कूल भवन को गहलोत के मुख्यमंत्री कार्यकाल में मंजूरी मिली थी। 

सीबीईओ और प्रिंसिपल को नोटिस
इस पूरे विवाद के बाद शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय-माध्यमिक शिक्षा) ओम सिंह राजपुरोहित को दो नोटिस जारी किए गए। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) जोधपुर शहर मूल सिंह चौहान और पहाड़गंज आरएमएस की प्रिंसिपल प्रज्ञा त्रिवेदी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में कहा गया है कि विभागीय अनुमति के बिना उद्घाटन कार्यक्रम की सूचना या स्वीकृति क्यों दी गई? इस कृत्य को अनुशासनहीनता, पर्यवेक्षी लापरवाही और राजस्थान सिविल सेवा आचरण नियम 1971 का उल्लंघन माना गया है। दोनों अधिकारियों से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा गया है, अन्यथा एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा जारी
इस घटना की जोधपुर और पूरे राजस्थान के राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है। सबसे अहम सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह योजना कैसे बनी? क्या स्कूल प्रिंसिपल या सीबीईओ ने अपने स्तर पर इसके लिए अनुमति दी? या फिर किसी अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि का इसमें कोई योगदान था?

स्थानीय पार्षद बोले- मेरे आग्रह पर हुआ काम
निगम वार्ड 75 से कांग्रेस पार्षद दीप सिंह ने कहा- पहाड़गंज द्वितीय स्थित स्कूल भवन जर्जर हालत के कारण वर्ष 2013 से बंद था। बच्चों को मंदिर में बैठाकर पढ़ाया जाता था। जब मैं पार्षद बना तो वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से यहां की स्थिति बताते हुए आग्रह किया था। बाद में पीडब्ल्यूडी की ओर से नए भवन के निर्माण का एस्टीमेट भी तैयार किया गया। इसके बाद गहलोत के निर्देश पर 25 नवंबर 2022 को इस प्रोजेक्ट के लिए 83 लाख 22 हजार 913 रुपए का वर्क ऑर्डर जारी किया गया। जो कुछ समय पहले ही पूरा हुआ है। इस पर भाजपा सरकार ओछी राजनीति कर रही है।

सक्षम स्तर से अनुमति जारी होगी, फिर इसका उद्घाटन होगा
जिला शिक्षा अधिकारी ओम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मामले की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित प्रधानाचार्य व सीबीईओ से जवाब मांगा गया है। समग्र शिक्षा अभियान और डीएमएफटी के तहत बने इस भवन के उद्घाटन के लिए विभाग की ओर से कोई अनुमति जारी नहीं की गई है और न ही हमें इसकी जानकारी दी गई है। फिलहाल दोनों अधिकारियों को बिना अनुमति के भवन का उद्घाटन करने पर रोक लगा दी गई है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.