धुले, 7 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के धुले में कांग्रेस प्रदेश महासचिव सचिन सावंत ने सैनिक स्वराज्य संस्था (यानी शहरी स्थानीय स्वराज्य संस्था) के आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को बैठक की। इसे नागरी स्थानिक स्वराज्य संस्था भी कहते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में जो सरकार चल रही है, वह भ्रष्टाचार की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश को अनैतिक बनाने की राजनीति कर रही है।
भाजपा ने जिन लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, आज वही लोग भाजपा के साथ जुड़ गए हैं।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव सचिन सावंत ने कहा कि तीन महीने में महाराष्ट्र में 700 से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की, राज्य में बेरोजगारी बढ़ रही है, कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के दम पर सैनिक स्वराज्य संस्था चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वराज्य संस्था का चुनाव नहीं करवाया है, इसका कारण भी भारतीय जनता पार्टी की नीतियां हैं। सत्ता में भाजपा और महायुति की सरकार है, इसके खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। हम जनता के सामने बहुत अच्छा विकल्प लेकर जाएंगे। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को इस चुनाव में तवज्जो दिया जाएगा और हम इस चुनाव में सरकार का विरोध करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिनके बड़े साम्राज्य हैं, वे आज भाजपा के साथ जाकर बैठे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "कांग्रेस मुक्त भारत" की घोषणा की थी, लेकिन वह विफल हो गई। कांग्रेस का शुद्धीकरण निश्चित तौर पर हो रहा है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सच्चा सोना हैं।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र और संविधान के ऊपर आक्रमण करने का काम कर रही है। भाजपा के खिलाफ बोलने वालों के पीछे जांच एजेंसियां सीबीआई, ईडी को लगाकर इनका दुरुपयोग हो रहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इन सबसे डरने वाले नहीं हैं। इसके खिलाफ आवाज उठाने का काम कार्यकर्ता करेंगे।
--आईएएनएस
एएसएच/एकेजे