जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के विधानसभा क्षेत्र सांवेर में हुए वार्ड क्रमांक 7 के उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मांगीलाल की जमानत जब्त हो गई, जबकि कांग्रेस की हसीना बी ने 796 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की।
वार्ड में कुल 1300 मतदाता थे, जिनमें से 1044 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस प्रत्याशी को जहां 913 वोट प्राप्त हुए, वहीं भाजपा प्रत्याशी को सिर्फ 117 मत ही मिल सके। इस वार्ड में 14 मतदाताओं ने नोटा को चुना।
जनता की नाराजगी और नीतियों से हार: कांग्रेस
कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी रीना बौरासी सेतिया ने भाजपा की करारी हार को जनता की नाराजगी और राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से जनता की समस्याओं की अनदेखी की गई, जिसका परिणाम उन्हें उपचुनाव में भुगतना पड़ा। वहीं गौतमपुरा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में भी उपचुनाव हुआ, जिसमें 617 मतदाताओं ने हिस्सा लिया। यहां भाजपा प्रत्याशी शंकर ठेकेदार ने कांग्रेस के रामचंद्र राठौर को 250 वोटों से हराया। भाजपा को 429 और कांग्रेस को 179 वोट मिले।
मंत्री सिलावट के क्षेत्र में मिली हार
गौतमपुरा सीट पर भाजपा की जीत से जहां पार्टी को कुछ राहत मिली, वहीं सांवेर में करारी हार ने सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष बात यह रही कि गौतमपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके विशाल पटेल अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इस बदलाव से भी भाजपा को फायदा मिला। वहीं मंत्री तुलसी सिलावट के प्रचार करने के बावजूद भाजपा को इस उपचुनाव में सांवेर के वार्ड 7 में हार का सामना करना पड़ा।
वोटिंग प्रतिशत में गौतमपुरा आगे
जिला प्रशासन के अनुसार, सांवेर के वार्ड क्रमांक 7 में 75.32% और गौतमपुरा के वार्ड क्रमांक 15 में 81.39% मतदान हुआ। सांवेर में सुबह 9 बजे तक 123, 11 बजे तक 445, 1 बजे तक 774, 3 बजे तक 935 और शाम 5 बजे तक कुल 1044 मत पड़े। इनमें 538 पुरुष और 506 महिलाएं शामिल थीं। गौतमपुरा में सुबह 9 बजे तक 158, दोपहर 1 बजे तक 517, 3 बजे तक 582 और शाम 5 बजे तक 617 मत पड़े।