झज्जर, 9 अगस्त (Udaipur Kiran) ।
अखिल भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की कड़ी आलोचना की है और ट्रंप की करतूत पर भारत सरकार द्वारा अपनाया जा रहे कड़े रुख को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की इच्छित नीतियों को भारत में लागू कर दिया गया तो देश के किसानों और पशुपालकों को भारी नुकसान होगा खेती घाटे का धंधा हो जाएगी।
भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रेड्डी शनिवार को बहादुरगढ़ के ट्रिपल सी मेट्रोप्लेक्स स्थित भारतीय किसान संघ हरियाणा के कार्यालय पहुंचे। किसान संघ के नेताओं के साथ बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50 फीसद टैरिफ लगाना विनाश काले विपरीत बुद्धि के समान है और भारत सरकार ने उनके दबाव में न आकर देश के किसान व अन्य सभी उपभोक्ताओं को बचा लिया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व अमेरिका ने अपने जीएम बीजों वाली कंपनियों के माध्यम से जीएम बीजों को भारत में बेचने के समझौते के लिए प्रयास किए। जबकि ये बीज सभी जीवों के लिए बहुत ही घातक होते हैं। इनसे कैंसर, हार्टअटैक व नपुंसकता जैसी बीमारियों होती हैं। उन्होंने बताया कि इसको लेकर भारतीय किसान संघ ने पूरे देश में ज्ञापनों के माध्यम से आंदोलन किया। जिस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अधिसूचित करना पड़ा कि भारत सरकार ऐसे घातक बीजों को भारत में नहीं आने देगी।
रेड्डी ने बताया कि हाल ही में महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित किसान संघ की केंद्रीय प्रबंधन समिति ने प्रस्ताव पारित कर देश की तमाम सरकारों से भूमि अधिग्रहण में किसानों के साथ अन्याय नहीं करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई प्रदेशों में सरकारें लैंड पुलिंग पॉलिसी के तहत किसानों की जमीन लेना चाहती हैं। उसमें किसानों के हितों को नजरअंदाज किया जाता है और भारतीय किसान संघ इसको बर्दाश्त नहीं करेगा इसलिए सरकार किसानों के हित को सुरक्षित रखने वाली नीति बनाए। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय किसान संघ गौ कृषि वाणिज्यम के तहत किसानों द्वारा गौ आधारित जैविक खेती करवाने की मंशा रखता है ताकि भूमि सुपोषण का कार्य हो, गौ माता पालन हो, हर जीव जहर खाने से बचे, जल बचे, पर्यावरण भी बचे, कृषि में रोजगार सर्जन हो, रासायनिक सब्सिडी बचे और किसान भी बचे।
इस मौके पर भारतीय किसान संघ हरियाणा के अध्यक्ष सतीश छिकारा ने बताया कि इस तरह के गौ कृषि वाणिज्यम के मॉडल हरियाणा के सभी जिलों में बनवाए जाएंगे। इसके लिए चार चरणों में काम होगा।
इन चार चरणों में जैविक उत्पादन करना, प्रोसेसिंग करना, मार्केटिंग करना और किसानों के लिए जैविक खेती का प्रशिक्षण देना शामिल है।
उन्होंने बताया कि हमने भारतीय किसान संघ के केंद्रीय नेताओं की प्रेरणा से झज्जर जिले के दाबोदा गांव से इसकी शुरुआत कर दी है।
उन्होंने बताया कि भारतीय किसान संघ हरियाणा का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा किसानों के फायदे के मुद्दे सुलझाए जाएं। काफी समय से हम दुधारू पशुओं के थनों को भी सरकारी बीमा पॉलिसी में शामिल करने बारे प्रयासरत थे। इसलिए हाल ही में राज्य के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने इसको बीमित करने की घोषणा कर दी है।
इस मौके पर किसान संघ के जिला अध्यक्ष धर्मवीर गुलिया, बहादुरगढ़ खंड अध्यक्ष वेद सिंह सुहाग व खंड मंत्री तरुण यादव आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज