जोधपुर, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत चल रहे हर घर तिरंगा अभियान में पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। शहर के साथ ही जिले की नगर पालिकाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं में भी उत्साह का माहौल है। नगर पालिका पीपाड़ शहर, नगर पालिका बालेसर, नगर पालिका भोपालगढ़ और नगर पालिका बिलाड़ा में एक साथ तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, स्वयंसेवी और नगर पालिका कर्मचारी शामिल हुए।
इन सभी नगर पालिकाओं में निकाली गई रैलियों में प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की स्मृति में सामूहिक शपथ दिलाई गई। नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाएंगे।
वहीं ब्लॉक शेरगढ़ और चामू परियोजना जोधपुर के अंतर्गत कार्यरत राजीविका महिला कार्यकर्ताओं ने भी हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने संगठित होकर तिरंगा रैली निकाली और ग्रामीण इलाकों में अभियान के महत्व को समझाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुडऩे का आह्वान किया।
श्री सुमेर पुष्टिकर उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा एक तिरंगा यात्रा निकाली गयी। प्राचार्या नीतू पुरोहित ने बताया कि स्कूल से रवाना होकर जालोरी गेट चौराहा तक विद्यार्थियों द्वारा पूरे जोश एवं उत्साह के साथ भारत माता की जय एवं वंदे मातरम के नारों के साथ उक्त यात्रा पुन: स्कूल परिसर में आकार विसर्जित की गई।
राजकीय कन्या महाविद्यालय सूरसागर में बुधवार को तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रोफेसर अरुण व्यास ने बताया कि इसमें महाविद्यालय से बड़ी संख्या में छात्राएं तथा संकाय सदस्यों और स्टाफ़ ने हाथों में तिरंगा लेकर आसपास के गली मौहल्ले के लोगों को घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम नोडल अधिकारी प्रोफेसर हेमू चौधरी ने बताया कि रैली में छात्राओं ने राहगीरों तथा मेलार्थियों को नशामुक्त रहने का संदेश दिया। इसी कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय में तिरंगा रंगोली बना कर छात्राओं को प्रेरित किया गया।
(Udaipur Kiran) / सतीश