धमतरी, 18 अगस्त (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ के धमतरी नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 22 रामपुर वार्ड स्थित सपना पिंक सिटी में निर्मित अटल आवास काफी जर्जर हो चुका है। नव निर्माण की मांग को लेकर साेमवार को वार्ड पार्षद प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में अटल आवास के लोग व वार्डवासियों ने निगम कार्यालय का घेराव कर महापौर को ज्ञापन सौंपा है।
वार्डवासी रंजन कुमार सोनी, निर्मल कुमार नामदेव, हनी बजाज, कन्हैया ध्रुव, सरोज गुप्ता और वंदना साहू ने बताया कि हम सभी रामपुर वार्ड के सपना पिंक सिटी स्थित अटल आवास में रहते है, जो पूरी तरह जर्जर हो गया है। यहां 50 आवास में लगभग 200 लोग निवासरत है। यह आवास साल 2004 में बना था। 2006 से हम लोग यहां रह रहे हैं। यह आवास पत्थर की नींव पर खड़ा है। छज्जा में बस पतला छड़ लगा है। यहां निवासरत लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले मजदूर वर्ग से है, जो मकान जर्जर होने के बावजूद वहां मजबूरी में रह रहे हैं। इसके अलावा उनके पास रहने के लिए किसी प्रकार का कोई घर नहीं है। रामपुर वार्ड स्थित सपना पिंक सिटी में निर्मित अटल आवास का नव निर्माण कराया जाएं। आवास निर्माण के लिए सामग्री गिरवाकर एक ओर का काम शुरू किया जाएं। ताकि इस साइड के लोग दूसरी ओर जाकर रह सके।
15 अगस्त के दिन तीन आवासों की दीवार ढह गई, जिससे सभी डरे हुए हैं। भविष्य में बड़ी घटना से बचने मरम्मत या नया आवास निर्माण की मांग की है। रामपुर वार्ड के स्वतंत्र पार्षद प्रकाश सिन्हा ने कहा कि तीन दिन पूर्व उनके वार्ड स्थित अटल आवास के तीन मकान ढह गए। शासन और निगम से पूर्व से मांग करते आते रहे हैं कि अटल आवास काफी जर्जर हो चुका है, इसे तोड़कर नए आवास का निर्माण किया जाएं। शहर में 500 ऐसे परिवार है, जो अटल आवास में निवासरत है। सभी अति गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार है। इनके पास आश्रय का कोई सहारा नहीं है न ही किसी प्रकार का किराया पटाने में सक्षम है। इनके लिए यहां अटल आवास में रहना मजबूरी है। केंद्र सरकार की योजना का लाभ धमतरी शहर के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। महापौर और निगम प्रशासन को इन जर्जर अटल आवासों की स्थिति देखने जाना चाहिए।
निगम में इन क्षेत्रों में है अटल आवास
धमतरी शहर में 25 साल पहले गरीब परिवारों के लिए अटल आवास बनाया गया था। इसके तहत सोरिद नगर, पंचवटी कालोनी, कैलाशपति नगर रुद्री रोड, विवेकानंद नगर गली नंबर तीन, गुजराती कालोनी और रामपुर वार्ड के पिंक सिटी में अटल आवास बनाया गया है। इन सभी जगहों में अटल आवासों की स्थिति खराब है। इन जगहों में कुल 500 से अधिक परिवार निवासरत है। सभी अत्यंत गरीब और मजदूर वर्ग से है। इन जर्जर आवासों में रहना इनकी मजबूरी हो गई। इनकी आर्थिक स्थिति नहीं है कि बाहर किराया का मकान लेकर रह सके।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा