हरितालिका तीज हमारी संस्कृति की धरोहर : अभिलाषा गुप्ता
Udaipur Kiran Hindi August 24, 2025 03:42 PM

-पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने आयोजित किया तीज महोत्सव

-गीत, संगीत एवं भजन के साथ ही भगवान शिव एवं माता पार्वती की स्तुति कर अखंड सौभाग्य की कामना की

प्रयागराज, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरितालिका तीज के उपलक्ष्य में शनिवार को टैगोर टाऊन स्थित बंशी भवन में प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी की ओर से तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं ने गीत, संगीत एवं भजन के साथ ही भगवान शिव एवं माता पार्वती की स्तुति कर अखंड सौभाग्य की कामना की।

पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता ने सभी महिलाओं को हरितालिका तीज व्रत की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हरितालिका तीज हमारी संस्कृति की धरोहर है। तीज पर्व एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जो महिलाओं की सांस्कृतिक और धार्मिक विशेषता को दर्शाता है। उन्हें सामाजिक सशक्तिकरण का अवसर भी प्रदान करता है। इसके माध्यम से महिलाएं अपने परिवारों और समाज के साथ मिलकर आनंद और सफलता का जीवन जीने के लिए प्रेरित होती हैं।

इस मौके पर सज-धज कर पहुंची महिलाओं ने समारोह में मेंहदी लगवाईं और तीज को लेकर सामूहिक गीत गाए। महिलाओं ने तीज महोत्सव में लोक गीत और नृत्य का भी आनंद लिया और गानों के माध्यम से मनोरंजन करती रहीं। प्रख्यात गायक विकास मिश्र एवं बरसाना परिवार की सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति की। सभी महिलाओं ने एक दूसरे को मेंहदी लगाकर तथा लोकगीतों पर थिरक कर पर्व बड़े उत्साह से मनाया। इस अवसर पर रंजना गुलाटी, शशि वार्ष्णेय, डॉक्टर वंदना बंसल एवं अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.