आयुष्मान आरोग्य मंदिर में हर माह मनेगा उमंग दिवस
Udaipur Kiran Hindi August 26, 2025 11:42 AM

रांची, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । किशोर-किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सही दिशा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से राज्यभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रत्येक माह के पहले शनिवार को उमंग दिवस का आयोजन किया जाएगा। 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के लिए यह कार्यक्रम पहली बार शुरू हो रहा है।

इसकी तैयारियों और समन्वय को लेकर सोमवार को नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में दो दिवसीय राज्य स्तरीय कंसल्टेशन कार्यक्रम शुरू हुुआ।

यह कार्यक्रम राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम और यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित किया गया।

इस संबंध में सोमवार को जानकारी देते हुए अभियान निदेशक ने बताया कि किशोरावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर है। यही वह समय है जब किशोर अच्छे या बुरे रास्ते को अपनाते हैं। सही मार्गदर्शन और परामर्श उन्हें सकारात्मक दिशा देगा। बीमार होने से अच्छा है कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाई जाए और शरीर को निरोगी बनाया जाए।

उन्होंने आशा (स्वास्थ्य सहिया), आंगनबाड़ी सेविका, एएनएम और एडोलसेंट को चार ए बताते हुए कहा कि इनके सहयोग से स्वास्थ्य कार्यक्रमों को समुदाय स्तर पर सफलतापूर्वक लागू किया जा सकता है। इस अवसर पर उमंग दिवस से संबंधित पोस्टर और मार्गदर्शिका का लोकार्पण भी किया गया।

मातृत्व कोषांग की राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ पुष्पा ने कहा कि हाल के दिनों में किशोरों में आत्महत्या की प्रवृत्ति, मोबाइल एडिक्शन, बाल विवाह और टीन एज प्रेग्नेंसी के मामले बढ़े हैं। इन मुद्दों पर किशोरों से खुलकर संवाद करना जरूरी है।

शिशु स्वास्थ्य कोषांग के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ एलआर पाठक ने बदलती जीवनशैली के बीच किशोरों की निरंतर स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं आईईसी कोषांग के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ लाल मांझी ने किशोरों में बढ़ते तनाव और मोटापे को गंभीर चिंता का विषय बताया।

कार्यक्रम में डॉ कमलेश और डॉ बिरेन्द्र कुमार सिंह ने भी अपने विचार रखे। संचालन राज्य कार्यक्रम समन्वयक अकय मिंज ने किया, जबकि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की राज्य समन्वयक रफत फरजाना ने कार्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से साझा किया।

कार्यक्रम में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, परामर्शी, समन्वयक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अर्श काउंसलर, पियर एजुकेटर, शिक्षा विभाग, जेएसएलपीएस, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों सहित विकास सहयोगी संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.