पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर से जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग पटना के अनुसार 10 सितंबर से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मेघगर्जन और भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। शनिवार को राजधानी पटना सहित 11 जिलों में बादल छाए रहने, वज्रपात और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आने के आसार हैं। शनिवार को बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान पटना जिले में कई जगह बारिश हुई। मसौढ़ी में सबसे ज्यादा 24.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को पटना और आसपास के इलाकों में तेज धूप और उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। इस सीजन में पटना सबसे गर्म दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
कहाँ-कहाँ हुई बारिश
सिवान के रघुनाथपुर में 24.2 मिमी, पटना के दुल्हिन बाजार में 22.2 मिमी, बक्सर के राजपुर में 21.6 मिमी, नौबतपुर में 20 मिमी, जहानाबाद के मोदनगंज में 19.4 मिमी, बिहटा में 15.2 मिमी, सिवान के सिसवन में 12.6 मिमी और खगड़िया के परबत्ता में 12.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई। भागलपुर के सुल्तानगंज में 8.6 मिमी और औरंगाबाद के देव में 6.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना – अधिकतम 36.5°C, न्यूनतम 28.4°C
गया – अधिकतम 34.6°C, न्यूनतम 25.8°C
भागलपुर – अधिकतम 33.8°C, न्यूनतम 27.3°C
मुजफ्फरपुर – अधिकतम 34.0°C, न्यूनतम 28.1°C