जयपुर, 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गहलोत बताए कि उनके सलाहकार कौन थे, जिन्होंने उन्हें अपने ही युवा नेताओं को नाकारा-निकम्मा बोलने की सलाह दी थी। गहलोत ने पिछले पांच साल सिर्फ कुर्सी की लड़ाई में आपसी झगड़ों में निकाल दिए। मैं गहलोत से पूछना चाहता हूं कि वे युवाओं के विरोध में क्यों है ? गहलोत जी राजनीति मजे के लिए नहीं बल्कि जनसेवा के लिए होती है और यह बात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बखूबी साबित कर रहे हैं। अब ऐसा लगता है कि अशोक गहलोत युवा और किसान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन और विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे हैं।
परनामी ने कहा कि गहलोत यह नरेन्द्र मोदी के सपनों का भारत है। भाजपा सरकार संगठन के साथ एकमुखी होकर जनता को विकास की योजनाएं दे रही है। गहलोत अपने तीन बार के मुख्यमंत्री कार्यकाल में जो कार्य नहीं करा सके, वे सभी काम जन-जन के लाडले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने 20 माह के ही कार्यकाल में कर दिखाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कहते है उसे पूरा करते हैं। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में संकल्प पत्र में किए गए वादों में से 50 प्रतिशत से अधिक वादों को पूरा कर दिखाया है। भजनलाल शर्मा ने प्रदेश को ईआरसीपी, यमुना जल समझौते की सौगात दी। बिजली में प्रदेश को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ। युवाओं को 75 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि गहलोत झूठे वादे करके ही हमेशा सत्ता में आए। उनके पिछले कार्यकाल में पेपरलीक की घटनाओं ने सारे रिकाॅर्ड तोड़ दिए। प्रदेश की जनता को उनका जंगल राज याद है, जब प्रदेश महिला अपराध में नम्बर वन, महंगी बिजली में नम्बर वन था। उन्होंने कर्जमाफी का झूठा वादा कर किसानों को लूटा, पेट्रोल-डीजल से जनता की जेब पर डाका डाला। गहलोत के कार्यकाल में प्रदेश भ्रष्टाचार में नम्बर वन था। उन्होंने कहा कि गहलोत जी को नकारात्मक राजनीति छोड़कर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अच्छे कार्यों की प्रशंसा करनी चाहिए और अपने सुझाव भी देने चाहिए।
—————
(Udaipur Kiran)