हनीमून मनाने विदेश गया कपल, लड़की- इतनी गर्मी थी कि... फिर होटल में हुआ कुछ ऐसा कि हिल गए '12 दांत'!
Samachar Nama Hindi September 11, 2025 03:42 AM

नीमून हर नवविवाहित जोड़े के लिए जिंदगीभर की यादों से जुड़ा खास मौका होता है। लेकिन एक भारतीय मूल की महिला और उसके पति के लिए यह हनीमून कभी न भूलने वाला दर्दनाक अनुभव बन गया। कनाडा में रहने वाला यह कपल छुट्टियां मनाने स्विट्जरलैंड गया था। वहां एक होटल में हुए विवाद ने इस हनीमून को डर और तकलीफ की दास्तां में बदल दिया।

कौन हैं यह कपल?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला का नाम निकिता है जो मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं और वर्तमान में कनाडा में बस चुकी हैं। उनके पति करण कनाडाई नागरिक हैं। दोनों अपना हनीमून मनाने स्विट्जरलैंड के सीहोटल श्वेर्ट होटल में रुके थे।

गर्मी और पंखे से शुरू हुआ विवाद

स्विट्जरलैंड में इस बार असामान्य रूप से ज्यादा गर्मी पड़ रही थी। होटल के कमरे में न तो एयर कंडीशनर था और न ही पंखा। निकिता और करण ने होटल से पंखा मांगा तो उन्हें छोटा-सा पंखा दिया गया। इसके बाद उन्होंने पास की दुकान से किराए पर एक और पंखा ले लिया। लेकिन अगले दिन होटल का पंखा बिना बताए कमरे से हटा लिया गया। जब कपल ने रिसेप्शन पर फोन करके शिकायत की तो भाषा की दिक्कत की वजह से उन्होंने गूगल ट्रांसलेट का इस्तेमाल किया। लेकिन स्थिति संभालने की जगह होटल कर्मचारी उनसे उलझ गया और उन्हें “मूर्ख” कहकर भला-बुरा कहने लगा।

हमला और हिंसा

21 जून की सुबह चेकआउट के दिन निकिता नाश्ते के लिए फल लेने गईं। इस दौरान एक कर्मचारी ने उनसे फिर विवाद किया। वहीं, करण के पास आया एक अन्य कर्मचारी अचानक बहुत करीब आकर बहस करने लगा। निकिता को शक हुआ कि वह करण पर हमला कर सकता है, इसलिए उन्होंने वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। इसी बीच कर्मचारी ने उनका फोन छीनने की कोशिश की और उन पर भारी सिरेमिक मग फेंक दिया। हमले में निकिता का एक दांत टूट गया और 11 दांत हिल गए। उनके जबड़े की हड्डी को भी नुकसान पहुंचा। करण पर भी हमला हुआ, हालांकि वह बाल-बाल बचे। हमले के बाद कपल को अस्पताल जाना पड़ा और उन्हें अपनी पूरी हनीमून ट्रिप रद्द करनी पड़ी।

होटल का पक्ष

होटल ने कपल के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। होटल मालिक का कहना है कि शुरुआत से ही निकिता और करण असभ्य व्यवहार कर रहे थे। उनका दावा है कि निकिता ने गैरकानूनी तरीके से कर्मचारियों की रिकॉर्डिंग की। जब उनसे रिकॉर्डिंग बंद करने को कहा गया, तो उन्होंने कर्मचारी पर हमला किया। होटल का कहना है कि उनके 60 वर्षीय कर्मचारी को भी चोटें आईं—चेहरे से खून बहा और सिर में चोट लगी।

मामला अभी विवादित

इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी काफी सुर्खियां बटोरी हैं। कई लोगों ने इसे पर्यटक सुरक्षा से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने होटल प्रबंधन की तरफ से पक्षपाती रवैये की आलोचना की। फिलहाल, पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.