प्रदेश में सप्ताह भर मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश के पूर्वी बिहार और आसपास के क्षेत्रों में हवा का चक्रवातीय परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है।
इनके प्रभाव से प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ पटना सहित अधिसंख्य भागों में मेघ गर्जन व बूंदाबांदी के आसार हैं। चार दिनों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इन जगहों पर 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
अगले पांच से सात दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा की संभावना है। इसके बाद Rain में कमी आने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार ने बताया की प्रदेश में आठ-नौ अक्टूबर से मानसून की विदाई आरंभ हो जाएगी।
प्रदेश में सप्ताह भर मानसून का प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके बाद वर्षा में धीरे-धीरे कमी की संभावना है। सोमवार को पटना सहित आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ शाम में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से मौसम सामान्य बना रहा।
बीते 24 घंटों के दौरान खगड़िया में सर्वाधिक वर्षा 158.0 मिमी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि, 33.4 डिग्री सेल्सियस के साथ पूर्णिया में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को राजधानी में 10.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों में वर्षा की स्थिति
वैशाली के राघोपुर में 95.4 मिमी, गयाजी के खिंजरसराय में 89.4 मिमी, वैशाली के बिदुपुर में 88.6 मिमी, सारण के परसा में 87.8 मिमी, मधुबनी के जयनगर में 87.8 मिमी, दरभंगा के अलीनगर में 84.4 मिमी, दरभंगा के घनश्यामपुर में 82.6 मिमी।
पटना के खुशरूपुर में 73.4 मिमी, मधुबनी के माधेपुर में 72.8 मिमी, वैशाली के महनार में 72.4 मिमी, गयाजी के मानपुर में 72.0 मिमी, समस्तीपुर के ताजपुर में 61.8 मिमी, पटना के दनियांवा में 61.4 मिमी, दरभंगा में 51.2 मिमी, बांका के बौसी में 50.2 मिमी, गयाजी के वजीरगंज में 49.4 मिमी, जहानाबाद के काको में 49.2 मिमी एवं भोजपुर के गरहनी में 47.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
यहां भारी वर्षा (Heavy Rain) की संभावना
किशनगंज व पश्चिम चंपारण में अति भारी वर्षा तथा वैशाली, सारण, समस्तीपुर, खगड़िया, गोपालगंज, सिवान, औरंगाबाद, रोहतास व कैमूर में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
पटना 31.4 26.1
गयाजी 31.8 25.0
भागलपुर 32.3 26.9
मुजफ्फरपुर 32.0 25.6