नई दिल्ली। भारत के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडाणी के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने हिंडनबर्ग मामले में अडाणी ग्रुप को क्लीन चिट दे दी है। सेबी ने कहा है कि अमेरिकी शॉर्ट सेलिंग कंपनी हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप को जो आरोप लगाए थे वो साबित नहीं हुए। SEBI ने अपने आदेश में बताया कि अडाणी ग्रुप के द्वारा लेन-देन संबंधी कोई गड़बड़ी नहीं मिली। इसी के साथ सेबी ने अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी, उनके भाई राजेश अडाणी, अडाणी पोर्ट्स, अडाणी पावर और एडिकॉर्प एंटरप्राइजेज को दोषमुक्त कर दिया है। वहीं गौतम अडाणी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, सत्यमेव जयते! जय हिंद।
सेबी ने गौतम अडाणी और उनके समूह को किसी प्रकार के फाइन या देनदारी से मुक्त कर दिया है। सेबी से क्लीन चिट मिलने के बाद अडाणी समूह के मुखिया गौतम अडाणी ने एक्स पर लिखा, एक विस्तृत जांच के बाद, सेबी ने इस बात की पुष्टि की है कि हिंडनबर्ग के दावे निराधार थे। पारदर्शिता और ईमानदारी हमेशा से अडाणी समूह की पहचान है। हम उन निवेशकों के दर्द को गहराई से समझते हैं जिन्होंने इस झूठी रिपोर्ट के कारण अपना पैसा गंवाया। झूठे दावे फैलाने वालों को देश से माफी मांगनी चाहिए। भारत के संस्थानों, भारत के लोगों और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है।
गौरतलब है कि जनवरी 2023 में हिंडनबर्ग रिसर्च ने एक रिपोर्ट जारी की थी जिसमें अडाणी ग्रुप पर वित्तीय लेनदेन के हेरफेर समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था अडाणी समूह की कंपनियों में उन्हीं से जुड़ी संस्थाओं ने टैक्स हेवन देशों के जरिए पैसा लगाया और इस तरह ग्रुप की कंपनियों के शेयरों की कीमत को कृत्रिम रूप से बढ़ाया गया। इसके अलावा ग्रुप ने अकाउंटिंग फ्रॉड और गड़बड़ियों को छुपाया। हिंडनबर्ग की इस रिपोर्ट के सार्वजनिक होने के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों के भाव में काफी कमी आई थी। हालांकि बाद में वापस से कंपनी के शेयरों में उछाल आ गया था। अडाणी ग्रुप के द्वारा पहले ही इन आरोपों का खंडन किया गया था।
गौतम अडाणी ने पिछले साल जून में सालाना आम बैठक (एजीएम) में कहा था कि शॉर्ट सेलर की तरफ से हमारे समूह को नुकसान पहुंचाने, और हमारी मार्केट वैल्यू को कम करने के लिए झूठी रिपोर्ट तैयार की गई थी। विपरीत परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने की क्षमता ही सफलता का असली पैमाना है और हमने यह कर दिखाया। अडाणी ग्रुप इस बुरे दौर का सामना करते हुए पहले से ज्यादा मजबूत बनकर उभरा। इससे यह साबित हो गया कि कोई भी चुनौती हमारी नींव को कमजोर नहीं कर सकती।
The post SEBI’s Clean Chit To Adani Group In Hindenburg Case : अडाणी ग्रुप को सेबी ने दी क्लीन चिट, साबित नहीं हुए हिंडनबर्ग के लगाए आरोप, गौतम अडाणी ने कहा-सत्यमेव जयते appeared first on News Room Post.