श्रीलंका की पीएम ने किया दिल्ली के सरकारी स्कूल का दौरा
Tarunmitra October 18, 2025 09:42 AM

नई दिल्ली। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शैक्षिक भ्रमण के तहत शुक्रवार को श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरीनी अमरसूरिया के साथ सर्वोदय को-एड विद्यालय रोहिणी का दौरा किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने श्रीलंका की प्रधानमंत्री को स्कूल की गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था, नई शिक्षण प्रणाली से अवगत कराया।

शिक्षा मंत्री ने डॉ. हरीनी अमरसूरिया को दिल्ली के सरकारी स्कूलों में किए जा रहे संरचनात्मक बदलावों, अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट कक्षाओं, नई शिक्षण पद्धतियों तथा डिजिटल शिक्षा प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। स्कूल भ्रमण के दौरान डॉ. अमरसूरिया ने स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों से कई विषयों पर संवाद कर जानकारी ली। छात्रों ने उनके साथ अपने प्रोजेक्ट्स और डिजिटल लर्निंग के अनुभव साझा किए जिनसे श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल अत्यंत प्रभावित हुआ। श्रीलंका की प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार की शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल विकासशील देशों के लिए एक प्रेरणास्रोत बन सकता है।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों को देखने और इनकी शिक्षण व्यवस्था की जानकारी के लिए विदेश के प्रधानमंत्री स्वयं आए हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूल आज दुनिया के लिए एक उदाहरण बन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा की हमारे लिए शिक्षा केवल रोजगार का ही नहीं बल्कि समाज में समानता और प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम भी है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.