क्या है मैथिली ठाकुर का नया भक्ति गीत 'छठ की महिमा'? जानें इस खास पर्व की कहानी!
Stressbuster Hindi October 22, 2025 11:42 AM
मैथिली ठाकुर का नया भक्ति गीत 'छठ की महिमा'

मुंबई, 21 अक्टूबर। बिहार विधानसभा चुनाव में अलीनगर क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने छठ महापर्व के अवसर पर अपने प्रशंसकों को एक खास तोहफा दिया है। उन्होंने मंगलवार को अपना नया भक्ति गीत 'छठ की महिमा' जारी किया।


यह गीत छठ महापर्व की आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करता है। मैथिली ने इस गाने को अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया और अपने फॉलोअर्स से इसे सुनने और अपनी राय देने की अपील की।


उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "मैं बेहद खुश हूं कि इस बार छठ महापर्व पर आप सभी के साथ अपना नया गीत 'ऊर्जा का वरदान - छठ की महिमा' साझा कर रही हूं। इस गीत में छठ की कहानियां, लोक कथाओं का संगीत और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं की मिठास समाई है। यह गीत मेरे दिल के बहुत करीब है।"


मैथिली ने अपने प्रशंसकों से आग्रह किया कि वे इस गीत को सनराइज मसाले के यूट्यूब चैनल पर सुनें।


'छठ की महिमा' में मैथिली ने अपनी मधुर आवाज से छठ पूजा के महत्व को जीवंत किया है। इस गीत के बोल और संगीत दीपक ठाकुर ने तैयार किए हैं, जबकि प्रोडक्शन स्नेयर स्टूडियो द्वारा किया गया है। गीत में छठ पूजा की पौराणिक कथाएं, भक्ति भाव और बिहार-झारखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।


यह गीत मैथिली के सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है। उन्होंने इसे अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति समर्पण बताया और कहा कि यह उनके लिए बेहद खास है।


छठ पूजा, जो मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाई जाती है, सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का पर्व है। यह गीत इस पर्व की महिमा को गहराई से उजागर करता है।


मैथिली के इस प्रयास को उनके प्रशंसक खूब सराह रहे हैं, और सोशल मीडिया पर इस गीत को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।


© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.