
पीएम मोदी ने कहा कि RJD बीते 2 दशक में कोई चुनाव नहीं जीती, लेकिन अपने अहंकार में अटकी हुई है। इसी अहंकार में इन्होंने JMM को झटक दिया। कांग्रेस 35 साल से बिहार में RJD की पिछलग्गू बनी हुई है, इस बार RJD ने उसको फिर पटक दिया। इन लोगों ने VIP को भी भटका दिया और लेफ्ट के जो दल हैं, उनको लटका दिया।
उन्होंने कहा कि आपने हमेशा मोदी पर भरोसा किया है। नीतीश कुमार पर आशीर्वाद बरसाया है। आपका यही विश्वास विकास को विकास के नए दौर की तरफ ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने जंगलराज को सुशासन में बदला। अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है। मैं बिहार की समृद्धि के लिए आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं।
विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता : पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम जानते हैं कि जब औद्योगिकरण होगा, तो नौकरियां भी आएंगी। इसलिए हमने सबसे पहले बिहार को जंगलराज से मुक्त किया। जब बिहार में कानून का राज लौटा, तो उद्योगों के लिए भी माहौल बना। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद इसे और गति मिली। आज हमारा बेगूसराय न सिर्फ अपनी औद्योगिक पहचान वापस पा रहा है, बल्कि देश का एक बड़ा इंडस्ट्रियल हब बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है।
राजद और कांग्रेस अपने आप में समस्या : RJD और कांग्रेस तो खुद ही अपने आप में एक समस्या हैं। इनके पास बिहार की समस्याओं का न कभी समाधान था और न कभी होगा। ये संवेदनहीन लोग हैं, ये वो लोग हैं, जो बाढ़ आने पर भी गरीबों का मजाक उड़ाते हैं। ALSO READ: Bihar Elections : कर्पूरी गांव से मोदी ने किया चुनावी शंखनाद, जयराम रमेश ने पूछे 3 सवाल
बेगुसराय को जंगलराज वालों ने किया बर्बाद : जंगलराज वालों ने सिर्फ अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया और बिहार के नौजवानों के भविष्य बर्बाद कर दिया। ये बात बेगूसराय का हर घर जानता है, हर कोई महसूस करता है। हमारे श्रीबाबू ने बेगूसराय को औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए काम किया था। उनके प्रयास से यहां अनेक प्रकार के उद्योग आए। एक समय था, जब ये क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक था। लेकिन फिर यहां जंगलराज आ गया। धौंस, धमकी और डर का वो काला दौर जिसने बिहार के उद्योगों पर ताले लगा दिए, फैक्ट्रियों को बंद कर दिया, निवेशक भाग गए। ये ताले फैक्ट्री पर नहीं आपके भविष्य पर लगे थे। जंगलराज ने सिर्फ कुछ फैक्ट्रियां बंद नहीं की, बल्कि बिहार के नौजवानों के भविष्य को अधर में लटका दिया था। बरौनी, बेगूसराय को एक सदी पीछे धकेल दिया।
edited by : Nrapendra Gupta