झारखंड की राजधानी रांची का मौसम फिलहाल स्थिर बना हुआ है। रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड के ऊपर या आसपास फिलहाल किसी तरह का कोई भी सिनॉप्टिक फीचर नजर नहीं आ रहा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक के अनुसार ना ही बंगाल की खाड़ी में किसी तरह का कोई निम्न दबाव बना हुआ है। यही कारण है कि आने वाले पांच दिनों तक राज्य में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। सर्दियों की बात करें तो दीपावली के बाद से ही गुलाबी ठंड का एहसास होगा।
अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के नीचे
हालांकि, झारखंड में कई जगहों के तापमान को देखते हुए ऐसा लग रहा है जैसे ठंड दस्तक दे चुकी है। बता दें कि, लातेहार में 16 डिग्री न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान भी 26 डिग्री रहा। वहीं, खूंटी, लोहरदगा, रांची और डाल्टनगंज जैसे जिले का तापमान 28 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री के आसपास रहा। कोई अन्य जिलों का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री रहा।
पूरे राज्य में खिले मौसम का असर
झारखंड से मॉनसून पूरी तरह जा चुका है। जिसका असर ये है कि लोगों को अपने घर की छत से ही सनसेट का मनोरम नजारा देखने को मिल रहा है। पूरा दिन आसमान बिल्कुल साफ रह रहा है। राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में भी दोपहर में अच्छी खासी धूप और शाम में ठंडी हवा ने लोगों के मूड को भी ठीक कर दिया।
1266.6 मिमी बारिश दर्ज
वहीं बारिश की बात की जाए तो इस वर्ष रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। एक जून से लेकर अभी तक झारखंड में कुल 1266.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है जो की सामान्य से लगभग 50% तक अधिक है। रांची में इस बार सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है 1586 मिमी। यह भी सामान्य से 70% तक अधिक है। वहीं, कुछ जिले ऐसे है जैसे पाकुड़, सिमडेगा, गोड्डा जहां पर सामान्य से 35% तक से कम बारिश हुई है।