क्या है 'द टॉक्सिक एवेंजर' की कहानी? पीटर डिंकलेज की नई फिल्म का इंतजार!
Stressbuster Hindi October 31, 2025 02:42 PM
पीटर डिंकलेज की नई फिल्म का भारतीय दर्शकों के लिए आगमन



मुंबई, 30 अक्टूबर। हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पीटर डिंकलेज की फिल्म 'द टॉक्सिक एवेंजर' अब भारतीय दर्शकों के लिए तैयार है। यह फिल्म 31 अक्टूबर को विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम वीडियो ऑन डिमांड (पीवीओडी) के तहत रिलीज होगी।


यह फिल्म भारत में प्राइम वीडियो, एप्पल टीवी और यूट्यूब पर 499 रुपए के किराए पर उपलब्ध होगी। इसमें एमी पुरस्कार विजेता पीटर डिंकलेज के अलावा केविन बेकन, एलिजा वुड, जैकब ट्रेम्बले और टेलर पेज जैसे कलाकार शामिल हैं।


'द टॉक्सिक एवेंजर' एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें डिंकलेज ने एक सफाई कर्मचारी विंस्टन गूज का किरदार निभाया है। एक खतरनाक केमिकल दुर्घटना के बाद, गूज एक नए नायक 'द टॉक्सिक एवेंजर' में बदल जाता है।


इसके बाद उसकी जिंदगी में कई बदलाव आते हैं, और वह उन क्रूर कॉर्पोरेट ताकतों का सामना करता है जो उसके बेटे, दोस्तों और समुदाय के लिए खतरा बन जाती हैं।


इस फिल्म की कहानी मैकॉन ब्लेयर ने लेखक लॉयड कॉफमैन और जो रिटर के सहयोग से लिखी है, और इसका निर्देशन भी मैकॉन ब्लेयर ने किया है। इसे 2025 की शुरुआत में एडिनबर्ग फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था।


फिल्म को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी रिलीज किया गया था, जहां इसे दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। अब भारतीय दर्शक इसे 31 अक्टूबर से ओटीटी पर देख सकते हैं।


पीटर डिंकलेज ने 1995 में ब्लैक कॉमेडी फिल्म 'लिविंग इन ओब्लिवियन' से अपने करियर की शुरुआत की थी और 2003 की फिल्म 'द स्टेशन एजेंट' में मुख्य भूमिका निभाकर सफलता पाई।


उन्होंने 'एल्फ', 'लैसीज', 'द बैक्सटर', 'द क्रॉनिकल्स ऑफ नार्निया: प्रिंस कैस्पियन', 'डेथ एट अ फ्यूनरल', 'एक्स-मेन: डेज ऑफ फ्यूचर पास्ट' और 'द हंगर गेम्स: द बैलाड ऑफ सॉन्गबर्ड्स एंड स्नेक्स' जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया है।


डिंकलेज को कई पुरस्कारों से नवाजा गया है, जिनमें 'गेम ऑफ थ्रोन्स' में टायरियन लैनिस्टर की भूमिका के लिए चार बार प्राइमटाइम एमी पुरस्कार शामिल है। उनके पुरस्कारों की सूची में गोल्डन ग्लोब और स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड भी शामिल हैं।


© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.