टिस्का चोपड़ा ने मनाई शादी की सालगिरह, साझा की खूबसूरत यादें
Stressbuster Hindi December 20, 2025 06:44 PM
टिस्का चोपड़ा और संजय चोपड़ा की शादी की सालगिरह

मुंबई, 20 दिसंबर। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा और उनके पति संजय चोपड़ा ने शनिवार को अपनी शादी की सालगिरह मनाई। इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए टिस्का ने अपने वैवाहिक जीवन की कुछ खूबसूरत यादें सोशल मीडिया पर साझा कीं।


अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपने पति के साथ कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें उनकी केमिस्ट्री साफ नजर आ रही है। दोनों एक-दूसरे के साथ मुस्कुराते और गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फैंस ने भी कमेंट्स में उन्हें बधाइयां और शुभकामनाएं दीं।


टिस्का ने अपने पोस्ट में लिखा, "हम आज भी एक साथ नाचते हैं, थोड़ी नोक-झोंक होती है और हम सबसे अच्छे दोस्त हैं। हैप्पी एनिवर्सरी, संजय चोपड़ा।"


टिस्का ने एयर इंडिया के पायलट संजय चोपड़ा से 1997 में शादी की थी। उनकी प्रेम कहानी किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात फ्लैट की तलाश के दौरान हुई थी। उस समय संजय मुंबई में एयर इंडिया हॉस्टल में रह रहे थे और दोस्तों के साथ रहने के लिए फ्लैट ढूंढ रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात टिस्का से हुई, जो उस समय एयर होस्टेस थीं। पहले फोन कॉल के बाद उनकी मुलाकात हुई, और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होती गई, जो अंततः विवाह में बदल गई।


हाल ही में, टिस्का ने फिल्म 'साली मोहब्बत' से निर्देशन में कदम रखा है। इस फिल्म में राधिका आप्टे, दिव्येंदु, अनुराग कश्यप और अनुभवी अभिनेता शरत सक्सेना मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसे जियो स्टूडियोज और मनीष मल्होत्रा के सहयोग से स्टेज5 प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है।


फिल्म की कहानी एक साधारण गृहिणी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अचानक बेवफाई और धोखे के जाल में फंस जाती है। इसके बाद उसकी जिंदगी की असली जंग शुरू होती है। इस कहानी में प्यार, धोखा, बदला और आत्म-सम्मान जैसे गहरे मुद्दों को छुआ गया है। यह फिल्म जी5 पर जल्द ही रिलीज होने वाली है।


© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.