रेहान और अवीवा की दोस्ती कॉलेज के दिनों से ही बताई जाती है। लगभग 7 साल के रिश्ते के बाद उन्होंने इसे आधिकारिक रूप देने का फैसला किया। अवीवा और रेहान दोनों ही फोटोग्राफी और विजुअल आर्ट्स के प्रति गहरा लगाव रखते हैं। रेहान खुद एक बेहतरीन वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर हैं और अपनी कला की प्रदर्शनियां भी लगा चुके हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि दोनों ने कुछ कला प्रदर्शनियों में साथ काम किया है या एक-दूसरे के काम को प्रमोट किया है।
यह सगाई समारोह बेहद निजी रखा गया था। इसमें केवल गांधी-वाड्रा परिवार के करीबी सदस्य और अवीवा के परिवार के लोग ही शामिल हुए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित किया गया। समारोह में बेहद सादगी से आयोजित किया गया।
खुश हैं प्रियंका गांधी : हाल ही में वायनाड से सांसद बनीं प्रियंका गांधी इस रिश्ते से काफी खुश बताई जा रही हैं। हालांकि सगाई की खबरें सार्वजनिक हो चुकी हैं, लेकिन शादी की तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पुख्ता जानकारी साझा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि शादी 2026 की शुरुआत में हो सकती है।
रेहान गांधी-नेहरू परिवार की पांचवीं पीढ़ी के सदस्य हैं। वे राहुल गांधी के भांजे हैं और स्व. राजीव गांधी और श्रीमती सोनिया गांधी के नाती हैं। राजनीति से दूर रहकर उन्होंने अपना करियर आर्ट और क्यूरेशन में बनाया है। अवीवा और रेहान दोनों ही अपनी निजी जिंदगी को सोशल मीडिया पर काफी 'लो-प्रोफाइल' रखते हैं। रेहान वाड्रा भी एक पेशेवर फोटोग्राफर हैं और 'Darkroom' जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं। दोनों अक्सर दिल्ली के आर्ट सर्कल्स में एक साथ देखे जाते रहे हैं।
क्या है एटेलियर 11 : अवीवा बेग एटेलियर 11 (Atelier 11) की सह-संस्थापक हैं। यह दिल्ली में स्थित एक मल्टी-डिसिप्लिनरी स्टूडियो है। उनका स्टूडियो वीडियो प्रोडक्शन और क्रिएटिव डिजाइनिंग में भी सक्रिय है। वे कृत्रिम लाइटिंग के बजाय प्राकृतिक रोशनी का उपयोग करना पसंद करती हैं, जो उनकी तस्वीरों को एक वास्तविक और गहरा एहसास देता है। अवीवा अपनी कला को इंस्टाग्राम और अपनी प्रोफेशनल वेबसाइट के जरिए प्रदर्शित करती हैं, लेकिन उन्होंने अपने पर्सनल अकाउंट को काफी प्राइवेट रखा है। वे अपनी व्यक्तिगत पहचान को अपनी कला के पीछे रखना पसंद करती हैं, जो उनके स्वभाव की सादगी को दर्शाता है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala