बेगूसराय ब्यूरो। सुभाषचंद्र बोस की 129वीं जयंती पर बरौनी रिफाइनरी, जिला प्रशासन सहित विभिन्न संगठनों ने शुक्रवार को जिलेभर में याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर सुभाष पार्क में उनके आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया।
नेताजी के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण करने वालों में एडीएम बृज किशोर चौधरी, एसपी मनीष, डीडीसी आकाश चौधरी, बरौनी रिफाइनरी के ईडी सत्य प्रकाश, सदर एसडीएम बेगूसराय अनिल कुमार, एसडीसी पूजा कुमारी, जिला कला, संस्कृति, पदाधिकारी श्याम सहनी, पूर्व मेयर उपेंद्र प्रसाद सिंह, आलोक कुमार अग्रवाल, डिप्टी मेयर अनीता राय, सामाजिक कार्यकर्ता चितरंजन प्रसाद सिंह, रामबरन सिंह, दिलीप कुमार सिन्हा, सेवानिवृत शिक्षक अमरेंद्र सिंह, जिला मुखिया संघ अध्यक्ष मो. अहसन सहित अन्य लोगों ने माल्यार्पण किया। मौके पर ईडी सत्य प्रकाश ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस भारत की आजादी के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण व्यक्तियों में से एक थे।
200 वर्षों के ब्रिटिश शासन के चंगुल से देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं, एसपी मनीष ने कहा कि नेताजी का योगदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अपूर्णीय है। उनका साहस, नेतृत्व और देशप्रेम भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जिले के डीडीसी आकाश चौधरी ने कहा कि नेताजी का जीवन केवल एक संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि एक प्रेरणा है। जो हमें अपने कर्तव्यों को निभाने और अपने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियां को समझने की प्रेरणा देती है।