बम की धमकी से मचा हड़कंप, इंडिगो के विमान की वाराणसी में इमरजेंसी लैंडिंग
TV9 Bharatvarsh February 02, 2026 08:42 AM

इंडिगो एयरलाइंस के विमान में बम होने की सूचना पर उसे रविवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया. पुलिस के अनुसार विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बम निरोधक दस्ता, दमकल गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों एवं विमान की गहन तलाशी ली गई.

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हैदराबाद से वाराणसी आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान में मिले एक कागज के टुकड़े पर लिखा था कि विमान में बम रखा है और किसी भी वक्त फट सकता है.

सुरक्षा कारणों से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

उन्होंने बताया कि इस पर चालक दल के सदस्यों ने वायु यातायात नियंत्रण कक्ष को सूचित किया, जिसके बाद वाराणसी के बाबतपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. उन्होंने बताया कि विमान को पूर्वी छोर पर रोक कर रखा गया और यात्रियों को नीचे उतारा गया.

सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों की भी तलाशी

सूत्रों ने बताया कि विमान में बम की सूचना पर बम निरोधक दस्ता, दमकल विभाग के कर्मचारी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल तथा पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही शुरू की. सूत्रों ने बताया कि विमान की सघन तलाशी ली गई, साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों की भी तलाशी ली गई. उन्होंने बताया कि हालांकि इस दौरान कोई भी विस्फोटक या अन्य कोई हानिकारक सामग्री नहीं मिली. अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.