India A vs USA: 21 छक्के लगे, बन गए 438 से ज्यादा रन, इंडिया ए ने ऐसे जीता अमेरिका से मैच
TV9 Bharatvarsh February 03, 2026 02:42 AM

टी20 वर्ल्ड कप के पहले वॉर्मअप मैच में इंडिया ए ने शानदार जीत दर्ज की. टीम की जीत के हीरो एन जगदीशन रहे, जिन्होंने कमाल शतकीय पारी खेली. जगदीशन के बल्ले से 55 गेंदों में 104 रन निकले. इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 238 रन बनाए और जवाब में यूएसए की टीम ने 200 रन बनाए और इस तरह उसने 38 रनों से मैच गंवा दिया. दिलचस्प बात ये रही कि इस मैच में 438 रन बने और मैच में कुल 21 छक्के लगे.

इंडिया ए की जीत के हीरो

इंडिया ए की जीत एन जगदीशन के शतक के साथ-साथ आयुष बडोनी के तूफानी अर्धशतक ने तय की. इन दोनों बल्लेबाजों ने अमेरिकी गेंदबाजों की जबरदस्त धुनाई की. जगदीशन ने अपनी पारी में 4 छक्के, 11 चौके लगाए और उन्होंने 49 गेंदों में शतक पूरा किया. दूसरी ओर आयुष बडोनी ने सिर्फ 21 गेंदों में हाफसेंचुरी लगाने के बाद 26 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली. गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए. नमन धीर को 2 विकेट मिले. आयुष बडोनी, तिलक वर्मा, अशोक शर्मा को 1-1 विकेट मिला.

अमेरिका ने बनाए 200 रन

अमेरिका ने 239 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा डटकर किया. एंड्रियेस गाउस और कप्तान मोनाक पटेल ने तेजी से बैटिंग शुरू की लेकिन इस कोशिश में कप्तान 10 रन बनाकर आउट हो गए. सैतेजा मुकमल्ला खाता नहीं खोल सके. मिलिंद कुमार ने 18 रन बनाए. इसके बाद संजय कृष्णमूर्ति ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 18 गेंदों में 41 रन कूट दिए. उनके बल्ले से 4 छक्के और 2 चौके निकले. हरमीत सिंह ने 9 गेंदों में 25 और मोहम्मद मोहसिन ने 10 गेंदों में 21 रन बनाकर अमेरिका को एक मौका दिया लेकिन अंत में जीत इंडिया ए को ही मिली. इस मुकाबले में अमेरिकी बल्लेबाजों ने 9 छक्के लगाए वहीं इंडिया ए की ओर से 12 छक्के लगे. कुल मिलाकर नवी मुंबई में अच्छा मैच देखने को मिला. इस मुकाबले को देखने के लिए 5 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे.

An innings full of class! 👏

N. Jagadeesans brilliant 104 off 55 guides India A to a massive total of 238/3 💪

Now watch the bowlers in action! 🔥

📺📲 #T20WorldCup Warm-up Match 👉 #INDAvUSA LIVE NOW on JioHotstar pic.twitter.com/SB1vKB7SrC

— Star Sports (@StarSportsIndia)

2 और वॉर्मअप मैच खेलेंगे इंडियन प्लेयर्स

इंडिया ए के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच खेलने उतरेगी. ये मुकाबला भी नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा. इंडिया ए टीम 6 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ एक और वॉर्मअप मैच खेलेगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.