कामरान अकमल, राशिद लतीफ, बासित अली..., भारत का बॉयकॉट करने के फैसले पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स ने क्या कहा? जानिए
शिवम February 03, 2026 02:12 PM

पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है. टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने साफ किया है कि भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला उनका नहीं है, जैसा सरकार या पीसीबी उन्हें कहेंगे वो वैसा करेंगे. पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने इसका समर्थन करते हुए कहा कि ये बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था.

पाकिस्तान सरकार ने फैसला किया है कि उनकी टीम आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलेगी लेकिन भारत के खिलाफ नहीं. बता दें कि 15 फरवरी को भारत बनाम पाकिस्तान मैच कोलंबो में होना है, दोनों एक ही ग्रुप में शामिल हैं. हालांकि अभी ये साफ नहीं किया गया है कि अगर पाकिस्तान सुपर-8 में पहुंचती है तो क्या वहां भी ये बहिष्कार जारी रहेगा? पाकिस्तान के इस फैसले पर मिली जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं. जानिए किसने क्या कहा.

पाकिस्तान के कप्तान ने क्या कहा?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 के बाद प्रेस कांफ्रेंस में सलमान अली आगा से इससे संबंधित सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "हम वर्ल्ड कप में खेलने जा रहे हैं. भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला हमारा नहीं है, हम इसमें कुछ नहीं कर सकते. सरकार या पीसीबी हमें जो कहेंगे वो हम करेंगे."

कामरान अकमल ने किया फैसले का समर्थन

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने के फैसला का समर्थन करते हुए कहा कि ये बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था. उन्होंने एएफपी से कहा, "बस बहुत हो गया, हमें ये करना ही पड़ा. खेल को राजनीति से मिलाकर भारत ने क्रिकेट की मूल भावना को बार-बार हानि पहुंचाई है. इसलिए इस सख्त फैसले का समर्थन करना चाहिए."

क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने तंज कसते हुए कहा, "उस दिन पाकिस्तान ने ये फैसला किया जिस दिन भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को हराया. क्या इसे पाखंड कह सकते हैं?" उनका इशारा अंडर-19 वर्ल्ड कप के उस मैच पर था, जहां भारत ने पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया और खुद सेमीफाइनल में जगह बनाई.

पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष खालिद महमूद

पूर्व अध्यक्ष ने बीबीसी उर्दू से बात करते हुए कहा, "पाकिस्तान को फिर से आईसीसी की आपातकालीन बैठक की मांग करनी चाहिए. आईसीसी के अन्य सदस्यों को पाकिस्तान को यह समझाना चाहिए कि भारत हर बार खेल में राजनीति लाता है और इस प्रवृत्ति को रोकना चाहिए. कभी वे हाथ नहीं मिलाते, कभी ट्रॉफी लेने से मना करते हैं तो कभी दूसरे देश में खेलने से मना कर देते हैं. आईसीसी के अन्य सदस्य देशों को भी यह समझना चाहिए कि हर देश का भारत के साथ विवाद क्यों है."

उन्होंने बांग्लादेश का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा, "सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में आने से पहले कई टीमों ने मना कर दिया है, लेकिन आईसीसी ने किसी को पाकिस्तान में जाकर खेलने के लिए मजबूर नहीं किया तो फिर बांग्लादेश को भारत में खेलने के लिए मजबूर क्यों किया गया? बेशक हमें लाखों डॉलर का नुकसान हो, हमें इससे पीछे नहीं हटना चाहिए. क्योंकि दुनिया पैसों को नहीं बल्कि सिद्धांतों को देखती है."

प्रसारणकर्ता को बहुत परेशानी होगी- बासित अली

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "पाकिस्तान वर्ल्ड कप में नहीं खेलता तो प्रसारणकर्ता को परेशानी होगी. अगर पाकिस्तान बाहर हुआ तो भारत के खिलाफ खेलने वाली उस टीम को भी उतने ही दर्शक मिल पाएंगे. 

बीबीसी की रिपोर्ट में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के हवाले से बताया गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैचों से पिछले 20 वर्षों में 1 बिलियन डॉलर से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है.

पाकिस्तानी खेल विश्लेषक डॉ. नौमान नियाज ने एक शो के दौरान कहा कि "पाकिस्तान अगर नहीं खेलता तो ये पूरे वर्ल्ड कप को हिला देगा." उनके अनुसार पीसीबी भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला लेता तो आईसीसी प्रतिबंध लगा सकता था लेकिन जब सरकार ने ये फैसला लिया है तो उनके लिए प्रतिबंध लगाना मुश्किल है.

24 घंटों में कुछ भी हो सकता है- राशिद लतीफ

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा, "भारत और पाकिस्तान, दोनों समहत थे कि अगले तीन वर्षकों तक हाइब्रिड मॉडल में मैच खेले जाएंगे. सबकुछ ठीक चल रहा था. एशिया कप दुबई में हुआ और महिला वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने श्रीलंका में अपने मैच खेले, लेकिन बांग्लादेश वाला मामला आते ही ये बदल गया."

उन्होंने कहा, "भारत बनाम पाकिस्तान मैच होता है तो करोड़ों में दर्शकों की संख्या पहुंच जाती है. स्पॉन्सरशिप का प्राइस बढ़ जाता है, इसलिए ये फैसला भारत पर नहीं बल्कि सीधे आईसीसी पर असर डालेगा. पीसीबी पाबंदियों से भी नहीं डर रहा है." उनके अनुसार ये आने वाले इवेंट्स पर भी असर डालेगा. 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.