WPL 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. उसका फाइनल खेला जा रहा है, जो कि RCB की कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज स्मृति मंधाना के लिए अपने ट्रिपल मिशन को अंजाम देने का एक बड़ा मौका भी है. स्मृति मंधाना के लिए फाइनल मुकाबला नंबर 1 बनने का मौका होगा, जिसे भुनाते हुए वो 2 बड़ी कामयाबी भी अपने नाम कर सकते हैं. आइए जरा एक-एक कर जानते हैं कि स्मृति मंधाना कैसे फाइनल में अपने नाम का झंडा बुलंद कर सकती हैं.
स्मृति मंधाना के पास नंबर 1 बनने का मौका कैसे?सबसे पहले ये जानते हैं कि स्मृति मंधाना नंबर 1 कैसे बन सकती हैं? ये कामयाबी हासिल करेंगी वो अपने बनाए रनों के जरिए. WPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में स्मृति मंधाना फिलहाल तीसरे नंबर पर हैं. लेकिन, अच्छी बात ये है कि वो नंबर 1 पर मौजूद हरमनप्रीत कौर से ज्यादा दूर नहीं हैं.
मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर के WPL 2026 में खेले 8 मैचों में 342 रन हैं. वहीं RCB की स्मृति मंधाना ने 8 मैचों में 290 रन बनाए हैं. इन दोनों के बीच दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस की ही बल्लेबाज नैट सिवर हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 321 रन बनाए हैं. यानी, देखा जाए तो स्मृति मंधाना फाइनल में अपनी इनिंग का 53वां रन बनाते ही हरमनप्रीत कौर से WPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में नंबर 1 की पोजिशन हथिया सकती हैं.
RCB की पहली बल्लेबाज बनेंगी स्मृति मंधाना?हरमनप्रीत को पछाड़कर नंबर 1 बनने के बाद स्मृति मंधाना ने अपनी पारी को और बड़ा किया तो वो WPL के इतिहास में अपने 1000 रन भी पूरे कर सकती है. स्मृति मंधाना ने WPL में अभी 34 मैचों की 34 पारियों में 936 रन बनाए हैं. यानी, उन्हें 1000 रन के आंकड़े को छूने और ऐसा करने वाली RCB की पहली और WPL इतिहास की 5वीं बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ 64 रनों की दरकार है.
स्मृति मंधाना का ट्रिपल मिशन क्या है?मतलब, पहला तो ये हुआ कि स्मृति मंधाना WPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन सकती हैं. दूसरा ये कि वो WPL इतिहास में 1000 रन बनाने वाली RCB की पहली बल्लेबाज बन सकती हैं. अब इन कारनामों को करते हुए उन्होंने RCB को WPL 2026 का खिताब भी जीत लिया तो उसी के साथ उनका ट्रिपल मिशन भी कामयाब हो जाएगा. वो WPL 2 बार जीतने वाली दूसरी कप्तान बन जाएंगी.