अंडर-19 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को बड़े अंतर से हराया और फाइनल में जगह बना ली. इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे केरल के युवा ओपनर आरोन जॉर्ज, जिनकी विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया. उनके प्रदर्शन पर तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने भी खुलकर तारीफ की है.
बड़े लक्ष्य के सामने नहीं डरे आरोन
सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने भारत को जीत के लिए 311 रन का मुश्किल लक्ष्य दिया था. दबाव भरे इस मुकाबले में आरोन जॉर्ज ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. उन्होंने गेंदबाजों पर लगातार हमला किया और लक्ष्य को आसान बना दिया.
104 गेंदों में खेली शानदार शतकीय पारी
कोट्टायम में जन्मे आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 115 रन की बेहतरीन पारी खेली. उनकी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने बड़ा लक्ष्य सिर्फ 41.1 ओवर में ही हासिल कर लिया. इस पारी ने दिखा दिया कि आरोन बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने की काबिलियत रखते हैं.
शशि थरूर ने की जमकर तारीफ
आरोन जॉर्ज के प्रदर्शन से खुश होकर शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें केरल क्रिकेट का नया सितारा बताया. उन्होंने लिखा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत की जीत से साफ है कि केरल को एक उभरता हुआ बल्लेबाज मिला है. थरूर ने यह भी कहा कि आरोन ने पिछले एक साल में अंडर-19 स्तर पर कई शानदार पारियां खेली हैं और केरल की टीम को ऐसे ही नए खिलाड़ियों की जरूरत है.
Scanning the scores of India’s decisive rout of Afghanistan in the #U19WorldCup2026 semi-final, it looks like Kerala have a new star in the wings in centurion Aaron George. The Kottayam-born lad has had a number of impressive knocks in International Under19 cricket over the past…
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) February 5, 2026
केरल क्रिकेट के लिए अच्छी खबर
शशि थरूर का यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि केरल की सीनियर टीम हाल के दिनों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर आरोन जॉर्ज का चमकना राज्य के क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है. माना जा रहा है कि वह आगे चलकर संजू सैमसन के बाद केरल का बड़ा नाम बन सकते हैं.
फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ंत
अफगानिस्तान को हराने के बाद अब भारतीय अंडर-19 टीम का मुकाबला फाइनल में इंग्लैंड से होगा. पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही टीम इंडिया एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी. फैंस को उम्मीद है कि आरोन जॉर्ज फाइनल में भी इसी लय को बरकरार रखेंगे और भारत को चैंपियन बनाएंगे.