शादी के तीन महीने बाद दुल्हन ने की प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या
Tarunmitra February 06, 2026 04:42 AM

श्रीगंगानगर : यह मामला 31 जनवरी 2026 को बजीरचंद नाम के व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके भतीजे आशीष की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई है. सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले मामला सड़क हादसे के रूप में दर्ज कर जांच शुरू की. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके पर मिले सबूतों ने कहानी बदल दी.

पोस्टमार्टम में सामने आया कि आशीष के शरीर पर लगी चोटें सामान्य सड़क दुर्घटना जैसी नहीं थीं. कई चोटें ऐसी थीं, जो सीधे हमले की ओर इशारा कर रही थीं. इसके बाद पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कराया और तकनीकी जांच शुरू की. कॉल डिटेल, लोकेशन और पारिवारिक संबंधों को खंगालते ही साजिश की परतें खुलने लगीं.

एसपी डॉ. अमृता दुहन के अनुसार, जांच में पता चला कि आशीष की शादी करीब तीन महीने पहले अर्जु उर्फ अंजली से हुई थी. शादी के बाद से ही संबंध सामान्य नहीं थे. पूछताछ और सबूतों से सामने आया कि अंजली का पहले से संजय उर्फ संजू नाम के युवक से प्रेम संबंध था. शादी के बाद भी दोनों संपर्क में थे. अंजली इस शादी से खुश नहीं थी और प्रेमी के साथ रहना चाहती थी. इसी को लेकर उसने साजिश रच डाली.

पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाली रात अंजली ने आशीष को घूमने के बहाने घर से बाहर चलने के लिए कहा. वह उसे सुनसान सड़क की ओर ले गई, जहां पहले से उसके प्रेमी और दो अन्य साथी छिपे हुए थे. जैसे ही आशीष वहां पहुंचा, अंजली ने इशारा किया और आरोपियों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया. हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.

इसके बाद आरोपियों ने मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद साजिश को छिपाने के लिए इसे सड़क हादसा और लूट की घटना जैसा दिखाने की कोशिश की गई. पुलिस के अनुसार, अंजली ने खुद अपने झुमके और आशीष का मोबाइल आरोपियों को दे दिया, ताकि मामला लूट जैसा लगे.

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. परिवार को सूचना दी गई. इसी के साथ पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर संघर्ष होने जैसे साइन मिले. इसके अलावा मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड से भी पत्नी और प्रेमी के बीच संपर्क की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें पूरी साजिश सामने आ गई.

पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी अर्जु उर्फ अंजली, उसके प्रेमी संजय उर्फ संजू, रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ को अरेस्ट कर लिया है. चारों से पूछताछ जारी है और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान और अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.