WPL खिताब जीतने के बाद बोली जॉर्जिया वेल- 'लड़कियों को पूरा श्रेय जाता है'
आईएएनएस February 06, 2026 10:12 AM

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाज जॉर्जिया वेल ने महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में बृहस्पतिवार को दिल्ली कैपिटल्स के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए अपनी टीम को दूसरी बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई. मैच के बाद उन्होंने कहा कि टीम में अच्छे फिनिशर होने के कारण वे मैच को अंत तक ले जाना चाहते थे.

दिल्ली के 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कप्तान स्मृति मंधाना (87 रन, 41 गेंद, 12 चौके, तीन छक्के) और जॉर्जिया (79 रन, 54 गेंद, 14 चौके) के बीच दूसरे विकेट की 165 रन की साझेदारी से 19.4 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाकर जीत दर्ज की.

दिल्ली कैपिटल्स ने इससे पहले कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (57), लॉरा वोल्वार्ट (44), सलामी बल्लेबाज लिजेल ली (37) और सलामी बल्लेबाज चिनेल हेनरी (नाबाद 35) की पारियों से चार विकेट पर 203 रन बनाए.

जॉर्जिया ने मैच के बाद कहा, ‘‘ यह जितना हो सके मैच को उतना गहराई तक ले जाने के बारे में था. यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट था और हमारी टीम में बेहतरीन फिनिशर थे इसलिए अगर हम जितना हो सके उतनी देर तक बल्लेबाजी कर पाते तो हम इसे अच्छी तरह से खत्म कर सकते थे.’’

उन्होंने कहा, ‘‘लड़कियों को पूरा श्रेय जाता है. यह कितना शानदार सत्र रहा है.'' जॉर्जिया ने कहा कि वह फाइनल में योगदान देकर काफी अच्छा महसूस कर रही हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘ फाइनल में इस तरह से खेलना, ऐसा लग रहा था कि मैं अधिकतर सत्र में गेंद को स्क्वायर से बाहर नहीं मार पा रही हूं इसलिए फाइनल में आकर प्रदर्शन करना बेशक बेहद विशेष है.’’

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.