चीनी मांझा अब 'हत्या' माना जाएगा, सीएम योगी का सख्त अल्टीमेटम, हादसा हुआ तो पुलिस-प्रशासन सीधे जिम्मेदार
Tarunmitra February 07, 2026 05:43 PM

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चीनी मांझा अब सिर्फ एक खतरनाक धागा नहीं, बल्कि मौत का फंदा माना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर अब तक का सबसे सख्त रुख अपनाते हुए साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि चीनी मांझे से यदि कोई भी हादसा हुआ, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सीधे पुलिस और प्रशासन की होगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई तय है।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि चीनी मांझे से होने वाली मौतें सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या जैसी गंभीर आपराधिक घटनाएं हैं। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति—चाहे वह निर्माता हो, विक्रेता हो या सप्लायर—को बख्शा नहीं जाएगा।सीएम योगी ने प्रदेश भर में चीनी मांझे के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग से जुड़े पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी जिलों में थोक विक्रेताओं, गोदामों, परिवहन साधनों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की सघन जांच शुरू कर दी गई है।

24 घंटे निगरानी, हर जिले में नोडल अधिकारी

मुख्यमंत्री ने हर जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के आदेश दिए हैं, जो 24 घंटे चीनी मांझे की गतिविधियों पर नजर रखेगा। यह अधिकारी न केवल बाजारों बल्कि सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर होने वाली अवैध बिक्री पर भी तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

स्कूल-कॉलेज से बाजार तक चलेगा अभियान

सरकार अब स्कूलों और कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान चलाएगी, ताकि बच्चों और युवाओं को चीनी मांझे के जानलेवा खतरों के बारे में बताया जा सके। वहीं, पतंग विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि वे चीनी मांझा बेचते पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है चीनी मांझा बेचना या इस्तेमाल करना मतलब मौत को न्योता देना, और इसमें शामिल हर शख्स अपराधी माना जाएगा।”

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.