PAK vs NED (Image Credit- Twitter X)
आज 7 फरवरी, शनिवार से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है। जारी 10वें सीजन का पहला मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। बता दें इस मुकाबले में पाकिस्तान ने फहीम अशरफ के अंतिम ओवरों में किए गए शानदार प्रदर्शन के चलते, 3 विकेट से एक रोमांचक जीत दर्ज की है।
मुकाबले में नीदरलैंड से मिले 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 29 रनों की जरूरत थी, लेकिन इसके बाद फहीम अशरफ ने 19वें ओवर में 24 रन बटोरते हुए मैच का रुख पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया। अशरफ ने मुकाबले में 11 गेंदों में 2 चौके व 3 छक्कों की मदद से 29* रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली।
पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड, पहले मैच का हालमैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो पाकिस्तान ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड ने 19.5 ओवरों में 147 रनों पर अपने सारे विकेट गंवा दिए। नीदरलैंड के लिए स्काॅट एडवर्ड्स ने 37 रनों की कप्तानी पारी खेली, तो बास डे लीड ने 30 और माइकल लेविट ने 24 रनों का योगदान दिया। अन्य खिलाड़ी स्टार्ट मिलने के बाद भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए।
दूसरी ओर, पाकिस्तान की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो सलमान मिर्जा को सबसे ज्यादा 3 विकेट मिले। इसके अलावा मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सैम अयूब के हाथ 2-2 सफलता लगी। साथ ही शाहीन अफरीदी को 1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब पाकिस्तान नीदरलैंड से मिले 148 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 19.3 ओवरों में 7 विकेट खोकर रोमांचक तरीके से हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 47 रनों की शानदार पारी खेली, तो सैम अयूब ने 24 और सलमान अली आगा ने 12 रनों का योगदान दिया। हालांकि, बाबर आजम ने 18 गेंदों में 15 रन बनाकर निराश किया। लेकिन अंत में फहीम अशरफ 29* और शाहीन अफरीदी 5* रन बनाकर नाबाद रहे, और टीम की जीत सुनिश्चित की।